
हनुमानगढ़| ग्राहक संतुष्टि और सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की विशेष बस अकादमी ऑन व्हील्स हनुमानगढ़ पहुंची। बता दें कि यह बस मुंबई से दिल्ली और हरियाणा होते हुए हनुमानगढ़ आई है। टीम ने मक्कासर के नजदीक एसडी गणेशगढ़िया फिलिंग स्टेशन पर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया। इस दौरान नजदीकी 3 से 4 पेट्रोल पंप कर्मचारियों सहित स्टाफ शामिल हुआ।
प्रशिक्षक अमित कुमार मिश्रा, पर्यवेक्षक मोहित शर्मा ने बताया कि प्रोजेक्टर, एलईडी और अन्य आधुनिक उपकरणों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया, ताकि कर्मचारियों को ईंधन भरते समय सावधानियां, अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच और पंप पर स्वच्छता बनाए रखने के तरीकों की व्यावहारिक जानकारी दी जा सके। इस मौके पर हनुमानगढ़ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन कोषाध्यक्ष विनीत गणेशगढ़िया, कर्मचारी सोहन सिंह, भंवर सिंह, विजय पाल, भीमराम, सोहन लाल, यश पाल, हजारी राम, कालू राम, कुलदीप, रणवीर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
