
हनुमानगढ़। क्षेत्र की राजनीति में आज उस समय नया मोड़ आया जब आम आदमी पार्टी से प्रत्याशी रहे एवं हनुमानगढ़ के पूर्व जिला सचिव वरिंदर मेघवाल ने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। यह सदस्यता उन्होंने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बीकानेर संभाग प्रभारी सीताराम नायक के सान्निध्य में ग्रहण की। मेघवाल ने कहा कि वे आरएलपी के संयोजक हनुमान बेनीवाल की जनहितैषी, किसान एवं युवा हितैषी विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़े हैं।
कार्यक्रम के दौरान मनरेगा मेट संघ हनुमानगढ़ के जिला अध्यक्ष एवं आम आदमी पार्टी के पूर्व जिला मीडिया प्रभारी पोखर मेव ने भी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। दोनों नेताओं के पार्टी में शामिल होने से आरएलपी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सीताराम नायक ने कहा कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी लगातार आमजन की आवाज को मजबूती से उठा रही है और इसी कारण विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता आरएलपी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री वरिंदर जी मेघवाल एवं श्री पोखर जी मेव के पार्टी में शामिल होने से पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा आमजन के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।
वरिंदर मेघवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वे क्षेत्र के किसानों, युवाओं, मजदूरों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहेंगे और आरएलपी के माध्यम से जनहित के मुद्दों को सड़क से सदन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी परिवार की ओर से वरिंदर मेघवाल एवं पोखर मेव का साफा व माला पहनाकर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
