
हनुमानगढ़। घग्गर नदी से सिंचाई के लिए पानी की पाइपलाइन जोड़ने की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन मंगलवार को उग्र रूप में नजर आया। किसानों ने सांकेतिक शव यात्रा निकालकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे दिनभर कलेक्ट्रेट, कोर्ट परिसर और एसपी कार्यालय के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आंदोलनकारी कभी कलेक्ट्रेट गेट तो कभी कोर्ट और एसपी कार्यालय के गेट के चक्कर काटते रहे, वहीं पुलिस का जाप्ता भी उन्हें रोकने और नियंत्रित करने के लिए एक गेट से दूसरे गेट तक दौड़ता रहा।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब आंदोलनकारी कलेक्ट्रेट के भीतर ही कलेक्टर का पुतला दहन करने पर अड़ गए। पुतला दहन के लिए आंदोलनकारी आगे-आगे बढ़ते रहे और पुलिस पीछे-पीछे उन्हें रोकने का प्रयास करती रही। कई बार हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, हालांकि पुलिस ने संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रण में रखा। पूरे घटनाक्रम के दौरान भारी पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात रहा, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
किसानों का कहना है कि घग्गर नदी से जोड़ी गई पाइपलाइन कुछ लोगों द्वारा तोड़ दी गई थी, जिससे खेतों तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच पा रहा है। किसानों का आरोप है कि हाईकोर्ट के स्पष्ट आदेश के बावजूद भी संबंधित अधिकारी पाइपलाइन को दोबारा नहीं जोड़ रहे हैं। इसी मांग को लेकर किसान पिछले तीन दिनों से कलेक्ट्रेट के बाहर धरने पर बैठे हुए हैं। पाइपलाइन नहीं जुड़ने से फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे किसानों में गहरा आक्रोश है।
प्रदर्शन स्थल पर डीएसपी मीनाक्षी, तहसीलदार हरीश सहारण और जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां मौजूद रहे। अधिकारियों ने लगातार आंदोलनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि किसानों की मांगों को उच्च स्तर पर भेजकर जल्द समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।
हालांकि देर शाम तक किसान अपनी मांगों पर डटे रहे और पाइपलाइन जोड़ने की ठोस कार्रवाई की मांग करते रहे। प्रशासन और किसानों के बीच वार्ता जारी रहने से फिलहाल स्थिति नियंत्रण में रही, लेकिन मांग पूरी न होने पर आंदोलन और तेज करने की चेतावनी किसानों ने दी है। देर शाम को जिला प्रशासन का पुतला जिला कलेक्टर कार्यालय के आगे जलाया गया और घोषणा की गई की नो फरवरी 2026 सोमवार को 12 बजे गंगानगर रोड पर चक्का जाम किया जाएगा इसी दौरान लगातार पुतला डायन 20 जारी रहेगा साथ में बीकानेर में चल रहे खेजड़ी बचाओ आंदोलन का समर्थन भी किया गया और कल 1 घंटे के लिए खेजड़ी बचाओ आंदोलन के लिए मौन व्रत किया जाएगा।
इस मौके पर ओम स्वामी, वेद मक्कासर, राजेन्द्र रंधावा, गुरजंट सिंह, मनप्रीत सिंह, लादूराम, विनोद परिहार, पवन कुमार, सुखदेव सिंह, बीएस पेन्टर, हरीराम बान्दड़ा, मलकीत सिंह, ओम मक्कासर, नंदराम वर्मा, जसवीर चालिया, अफसर अली, विजय कुमार, जसविन्द्र सिंह, सुखचैन सिंह, हरदेव सिंह, विनोद वर्मा, हरबंस, लेखराम, सोनू, दारा सिंह, जीत कुमार, जगपाल, जीत सिंह, विवेकानंद, रामस्वरूप, रंजीत कुमार, गुरदेव ज्याणी, लालचंद, कुलदीप सिंह, सुरेश जोड़किया, बिट्टू सिंह व अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
