
हनुमानगढ़। राज्य सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025 के तहत गुरुवार को जंक्शन रेलवे स्टेशन से दक्षिण भारत के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल तिरुपति बालाजी के लिए विशेष वातानुकूलित ट्रेन रवाना हुई। ट्रेन को भाजपा नेता देवेंद्र अग्रवाल, किन्नर मैना बाई, विजय कौशिक, पंडित गिरिराज शर्मा, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन के रवाना होने से पहले मुख्य द्वार पर रिबन काटकर और नारियल फोड़कर शुभारंभ किया गया।
इसके बाद ट्रेन के भीतर विशेष पूजा-अर्चना करवाई गई। इस दौरान रेलवे स्टेशन गोविंदा-गोविंदा और जय बालाजी के जयकारों से गूंज उठा। विशेष तीर्थ यात्रा ट्रेन में राजस्थान के विभिन्न जिलों से चयनित कुल 960 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। इनमें हनुमानगढ़ जिले से 100 और श्रीगंगानगर जिले से 100 यात्री रवाना हुए। शेष यात्री प्रदेश के अन्य जिलों से चयनित हैं। यह पूरी यात्रा पूर्णतया नि:शुल्क है और यात्रा से लेकर दर्शन, भोजन, आवास तथा स्वास्थ्य संबंधी सभी व्यवस्थाएं राज्य सरकार की ओर से की गई हैं।
इस मौके पर किन्नर समाज की मैना बाई की ओर से यात्रियों एवं अतिथियों को खीर का वितरण किया गया। वहीं एसकेडी यूनिवर्सिटी के अधीनस्थ वाग्भट वेलनेस आयुष हॉस्पिटल की ओर से यात्रियों को औषधीय काढ़ा, ऑर्गेनिक शहद और खाद्य सामग्री प्रदान की गई। कमल शर्मा द्वारा यात्रियों को हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड की पुस्तकें भेंट की गईं। ट्रेन रवाना होने से पहले पंडित गिरिराज शर्मा ने भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों, मंत्रोच्चार और जयकारों के बीच जब ट्रेन रवाना हुई तो यात्रियों ने खिड़कियों से हाथ हिलाकर सभी को प्रणाम किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता देवेंद्र अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं। वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना उसी भावना का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने देवस्थान विभाग एवं सहायक आयुक्त ओमप्रकाश द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आयोजन को अनुकरणीय बताया।
