
श्रीगंगानगर। नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ के खिलाफ श्रीगंगानगर में ब्राह्मण समाज संयुक्त संघर्ष समिति ने विरोध-प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट के बाहर ब्राह्मण समाज के लोगों ने जमकर नारेबाजी की और फिल्म को बैन करने की मांग की।
कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध-प्रदर्शन करते हुए ब्राह्मण समाज के लोग।
संयोजक सतीश शर्मा ने कहा- ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ का टीजर जारी हुआ है। भारतीय न्याय संहिता के अनुसार घूसखोरी एक दंडनीय अपराध है। फिल्म के टाइटल के माध्यम से ब्राह्मण जाति का नकारात्मक चित्रण किया जा रहा है।
यह सामाजिक वैमनस्यता फैलाने का आपराधिक कृत्य है। उन्होंने मांग की कि फिल्म का टाइटल बदलवाया जाए और रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड के माध्यम से ब्राह्मण समाज को अपमानित करने वाले सभी डायलॉग, दृश्य हटा दिए जाएं।
पारस सारस्वत ने कहा- पूरे देश में ब्राह्मण समाज चेत चुका है। फिल्मी लोगों ने ओटीटी पर ब्राह्मण समाज को ‘घूसखोर पंडत’ नाम देकर कलंकित किया है, जिससे समाज में भारी आक्रोश है। हम चेतावनी देते हैं कि यदि टाइटल नहीं बदला गया तो ब्राह्मण समाज एकजुट होकर देशभर में उग्र आंदोलन करेगा।
