
श्रीगंगानगर। लोकसभा आम चुनाव 2024 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी और जिला कलक्टर लोकबंधु ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक गौरव यादव के साथ सीमावर्ती पतली चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण किया। मौके पर दोनों अधिकारियों ने नाकाबंदी के दौरान वाहनों की जांच प्रक्रिया को देख एसएसटी दल को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही सादुलशहर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर अब तक हुई चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। सादुलशहर उपखंड कार्यालय में आयोजित बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने लोकसभा चुनाव के तहत अब तक हुई चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए सीमावर्ती क्षेत्र के मद्देनजर विशेष सावधानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजाब से आने वाले रास्तों पर निगरानी रखी जाए और चेक पोस्ट पर 24 घंटे प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए अवैध लिकर, मादक पदार्थ, नगदी सहित अन्य वस्तुओं की आवाजाही को रोका जाए। कलक्टर ने एग्जाम प्लानर के अनुसार नियमित गतिविधियां करने और मतदान दिवस 19 अप्रैल को अधिकाधिक मतदान करने के लिए भी आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए।
