
श्रीगंगानगर । जिले के चूनावढ़ थाना क्षेत्र के गांव महिंयावाली के पास एचएच नहर में रविवार देर शाम एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार शाम करीब 7 :15 बजे ग्रामीणों को नहर में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर चूनावढ़ थाना के एएसआई विनोद कुमार पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकालकर श्रीगंगानगर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार शव पीछे से बहकर आया हुआ प्रतीत हो रहा है। मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। युवक के दाएं हाथ पर “हीरालाल” नाम लिखा हुआ है, जिससे उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने और मामले की जांच में जुटी हुई है। आसपास के क्षेत्रों में भी सूचना दी जा रही है ताकि मृतक के परिजनों का पता लगाया जा सके।
