
दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार में एक चार मंजिला बिल्डिंग में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। रेस्क्यू और आग बुझाने के दौरान 10 से 15 लोगों को बचाया गया। इनमें दो लोग घायल हुए हैं।
मौके पर पहुंचे भाजपा विधायक संजय गोयल ने बताया कि सुबह करीब 3:45 बजे आग लगी और देखते ही देखते बिल्डिंग के चारों फ्लोर में फैल गई। कुछ लोग दरवाजे का लॉक नहीं खोल पाए, जिस वजह से उनकी मौत हो गई। कुछ शव इतनी बुरी तरह जल गए हैं कि कंकाल जैसी हालत में हैं।
इसलिए उनकी पहचान DNA जांच से की जाएगी। पुलिस ने पहचान के लिए शवों की तस्वीरें ली हैं। संजय गोयल के अनुसार, घटना के पीछे शॉर्ट सर्किट मुख्य कारण बताया जा रहा है, हालांकि कुछ स्थानीय लोग AC में धमाके को भी कारण बता रहे हैं।
अलग-अलग मंजिलों से 9 शव बरामद किए गए
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे हमें आग लगने की सूचना मिली थी। आग इमारत के 5-6 फ्लैट्स में फैली थी। लोगों के शव अलग-अलग फ्लोर से बरामद हुए।पहले फ्लोर से एक शव, दूसरे फ्लोर से 5 और तीन शव सीढ़ियों से मिले, जो लॉक था।
डीसीपी ने कहा कि 10 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर आई थीं। करीब 15 लोगों को बालकनी और खिड़कियों के जरिए बाहर निकाला गया। जिनमें से दो लोगों को हल्की चोटें आईं और उन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
29 अप्रैल: गाजियाबाद में 15 मंजिला अपार्टमेंट में आग, 7 फ्लोर जले
दिल्ली से सटे गाजियाबाद में 29 अप्रैल की सुबह एक 15 मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई थी। आग गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के टावर-डी में 9वें फ्लोर पर लगी। देखते ही देखते आग ने 7 मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग इतनी भीषण थी कि धुएं का गुबार करीब 5 किमी दूर से दिखाई दे रहा था। गनीमत रही कि फ्लैट में रहने वाले लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए। सीढ़ियों से नीचे की ओर भागे। अपना घर जलते देखकर महिलाएं फूट-फूटकर रो पड़ीं।

