
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस ) । पुरानी आबादी थाना इलाके में चक 6-जैड में स्थित श्री कल्याण भूमि गौशाला पदमपुर रोड के गोधाम स्थल पर करंट लगने से एक युवा गोपालक की मौत हो गई। मृतक गोपालक की पत्नी ने गौशाला के प्रबंधक तथा विद्युत निगम के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुरानी आबादी थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर रमेशकुमार न्यौल ने बताया कि पिछले दिनों तेज आंधी और अंधड आने के दौरान में श्री कल्याण भूमि गौशाला पदमपुर रोड की चक 6-जैड में स्थित जमीन पर लगे शैड क्षतिग्रस्त हो गए थे। इनका कल रविवार को मरम्मत कार्य चल रहा था। श्री गौशाला में गोपालक के पद पर कार्यरत बिंदरसिंह (38) व कुछ अन्य लोग मरम्मत कार्य में लगे हुए थे। दोपहर लगभग 12:30 बजे जब बिंदरसिंह एक लोहे के टीन शेड को उठा रहा था तो उसका एक सिर ऊपर से जा रही बिजली की लाइन से टकरा गया, जिससे उसे करंट का जबरदस्त झटका लगा।उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चेकअप किया तो उसकी मृत्यु हो गई थी। घटना की सूचना मिलने पर सहायक उप निरीक्षक सुंदरलाल अस्पताल पहुंचे और उन्होंने बाद में घटनास्थल का निरीक्षण भी किया।कल देर शाम बिंदरसिंह की पत्नी परविंदरकौर रामगढ़िया निवासी सद्भावना नगर में थाने में अपने पिता पालसिंह के साथ रिपोर्ट देते हुए बताया कि उसका पति गौशाला में गोपालक था। उसका काम गायों को चारा खिलाना और उनकी देखभाल करने का था। उसे गौशाला के प्रबंधक विजय कुमार ने फोन कर जानकारी दी कि उसके पति को करंट लग गया है। वह जल्दी अस्पताल पहुंचे। जब वह जब मकान मालिक के बेटे के साथ अस्पताल के इमरजेंसी विंग में गई तो उसके पति को स्ट्रेचर पर लिटा रखा था। उसे बताया गया कि उसकी मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार बिंदरकौर ने आरोप लगाया है कि उसके पति की मौत प्रबंधक विजयकुमार तथा समय रहते विद्युत निगम के कर्मचारियों द्वारा विद्युत सप्लाई कट न किए जाने के कारण हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आज मृतक बिंदरसिंह की डेड बॉडी पोस्टमार्टम होने के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दी। आगे जांच जारी है।
