
श्रीगंगानगर।(भटनेर एक्सप्रेस)हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा में विगत शनिवार को गेहूं खरीद केंद्रों पर बारदाने की कमी, खरीद में हो रही देरी और अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा था। किसान-मजदूर-व्यापारी संयुक्त संघर्ष समिति के नेतृत्व में सैकड़ों किसान पीलीबंगा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर उतर आए और दोपहर करीब 12:10 बजे ट्रैक को जाम कर दिया।इस प्रदर्शन के कारण हनुमानगढ़-सूरतगढ़ रेलखंड पर रेल यातायात लगभग 40 मिनट तक पूरी तरह ठप रहा, जिससे कम से कम तीन ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। किसानों ने ट्रैक पर बैठकर प्रशासन से गेहूं खरीद अवधि बढ़ाने, बारदानों की तुरंत व्यवस्था करने और खरीद केंद्रों पर हो रही अनियमितताओं को दूर करने की मांग की। हनुमानगढ़ में स्थित जीआरपी थाना पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लिया और अब करीब 700 अज्ञात प्रदर्शनकारी किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज इस मामले में रेल यातायात बाधित करने का आरोप लगाया गया है।जीआरपी सूत्रों ने बताया कि कि घटनास्थल पर पर्याप्त सीसीटीवी नहीं होने के बावजूद उपलब्ध वीडियो फुटेज, मोबाइल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर सभी शामिल लोगों की पहचान की जाएगी। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि प्रदर्शन के बाद प्रशासन के साथ बातचीत होने पर किसानों ने ट्रैक खाली कर दिया।
