
विश्व साइकिल दिवस पर निकली जागरूकता रैली, अव्वल प्रतिभागियों को किया सम्मानित
हनुमानगढ़।(भटनेर एक्सप्रेस) माय भारत केन्द्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार तथा जिला साइकिलिंग संघ के तत्वावधान में बाबा सोमारनाथ युवा मंडल की ओर से संचालित स्वर्गीय दीपक सामरिया खेलकूद प्रशिक्षण केन्द्र में बुधवार को विश्व साइकिल दिवस मनाया गया। इस मौके पर युवाओं में स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संगोष्ठी एवं साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला युवा अधिकारी प्रीति थीं, जबकि अध्यक्षता राजस्थान साइकिलिंग एसोसिएशन के प्रांतीय कोषाध्यक्ष एवं जिला साइकिलिंग संघ अध्यक्ष मदनलाल सुथार ने की। कार्यक्रम में सशक्त नारी संस्थान की संयोजक शिवानी स्वामी, जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति के सदस्य एवं क्रेटा भारती के जिला संयोजक दलीप वर्मा तथा कोच रवनीत कौर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में युवाओं की ओर से महाराणा प्रताप चौक से प्रारंभ होकर लाल चौक, कलक्ट्रेट, जिला परिषद एवं करणी चौक तक साइकिल रैली निकाली गई। रैली में युवा खिलाडिय़ों एवं खेल प्रेमियों ने हिस्सा लेकर स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने स्वस्थ शरीर-स्वस्थ भारत, साइकिल अपनाओ-पर्यावरण बचाओ जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से जनजागरण किया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रीति ने कहा कि साइकिल न केवल एक सुलभ और किफायती परिवहन का साधन है, बल्कि यह बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से साइकिल चलाने और फिट इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। मदनलाल सुथार ने कहा कि साइकिलिंग एक ऐसा खेल और व्यायाम है जो व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। शिवानी स्वामी ने कहा कि साइकिलिंग महिलाओं और युवतियों के लिए भी आत्मविश्वास, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम है। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को खेल एवं फिटनेस गतिविधियों से जुडऩे की प्रेरणा दी। क्रीड़ा भारती के जिला संयोजक दलीप वर्मा ने कहा कि विश्व साइकिल दिवस हमें पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक होने का संदेश देता है। उन्होंने युवाओं से साइकिल को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। रैली में अव्वल रहे प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में कार्यक्रम संयोजक कोच सुनील सामरिया, जिला साइकिलिंग संघ के संयुक्त सचिव योगेंद्र सिंह, विजय मोयल सहित युवा मंडल के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों का योगदान रहा।
