
गेहूँ खरीद, बारदाना संकट और गंगनहर के पानी की कमी पर उठाई किसानों की समस्याएं
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पंचायत समिति सादुलशहर के डायरेक्ट डॉ. बृजमोहन सहारण ने जयपुर में किसान आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी से उनके कार्यालय, कृषि भवन में विस्तृत मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने श्रीगंगानगर जिले के किसानों की गंभीर समस्याओं को उनके समक्ष रखा। डॉ. सहारण ने बताया कि वर्तमान में जिले के किसान गेहूँ की सरकारी खरीद, बारदाना की भारी कमी और गंग नहर में पंजाब से कम पानी मिलने जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और किसानों की परेशानियों को दूर करने की मांग रखी।किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी ने डॉ. बृजमोहन सहारण की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वे इन सभी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे तथा शीघ्र ही समाधान करवाने का प्रयास करेंगे।मुलाकात के दौरान डॉ. बृजमोहन सहारण ने अपने गांव गणेशगढ़ के इतिहास और पूर्वजों द्वारा समाज सेवा व सामाजिक कार्यों में दिए गए योगदान पर आधारित अपनी लिखित पुस्तक “झरोखा” सी.आर चौधरी को भेंट स्वरूप दी। इस पुस्तक के माध्यम से उन्होंने स्थानीय इतिहास और सामाजिक योगदान को संरक्षित करने का प्रयास किया है।डॉ. सहारण ने इस अवसर पर कहा कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान होना बेहद जरूरी है, ताकि खेती-किसानी का कार्य सुचारू रूप से चल सके और जिले के किसान आत्मनिर्भर बने रहें।
