
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) भाखड़ा सिंचाई प्रणाली की एसडीपी नहर( सुंदरपुरा माइनर) की हालत काफी खस्ता हो जाने पर इसकी रिलाइनिंग की मांग प्रदेश के सिंचाई मंत्री से की गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और सादुलशहर पंचायत समिति के डायरेक्टर डॉ. बृजमोहन सहारण के नेतृत्व में इस नहर के किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर में सिंचाई मंत्री सुरेश रावत से मुलाकात की तथा उनको इस नहर की हालत के बारे में विस्तार से अवगत करवाया। डा. सहारण ने बताया कि भाखड़ानहर की एमजेडी से निकलने वाली वितरिका सुंदरपुरा माइनर की रिलाइनिंग की मांग की गई है।डॉ सहारण ने मंत्री को बताया कि राज्य सरकार ने विभिन्न नहरों और वितरिकाओं की रिलाइनिंग के लिए बजट जारी किया है,लेकिन सुन्दरपुरा माइनर को इसमें शामिल नहीं किया गया।नहर की हालत खराब है,जगह जगह लेवल भी सही नहीं है।दस-बारह चकों और गाँवों को जोड़ने वाली नहर में टेल तक पानी जाने में दिक्कत आ रही है। किसान प्रतिनिधिमंडल से यह जानकारी मिलने पर मंत्री सुरेश रावत ने जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता अमरजीत मेहरडा से बात कर इस नहर हेतु बजट जारी करने का आदेश दिया। प्रतिनिधि मंडल में जल उपयोक्ता संगम अध्यक्ष कुलदीपसिंह बीके 36 जमीयतसिंहवाला,भाजपा लालगढ़ मंडल के पूर्व उपाध्यक्ष हंसराज सहारण,पूर्व पंचायत समिति सदस्य प्रभुदयाल ,भजनलाल ,बलवंतराम और विजयसिंह सहारण मौजूद रहे।
