
कांग्रेस विधायक बोले- विधानसभा में उठाऊंगा मामला
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) श्रीकरनपुर विधानसभा और पदमपुर क्षेत्र के नरसिंहपुरा बारानी गांव में प्रस्तावित कचरा संग्रहण प्लांट के खिलाफ लगभग दो महीने से चल रहे आंदोलन व धरने के तहत आज ग्रामीणों ने गांव की गौधाम गौशाला में सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थिति काफी संख्या में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से आहुति दी। इस यज्ञ में कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं श्रीकरणपुर विधायक रुपिंद्रसिंह कुन्नर ने भी शामिल हुए और उन्होंने ग्रामीणों के संघर्ष को मजबूत समर्थन प्रदान किया। यह संयंत्र श्री गंगानगर शहर में रोजाना एकत्रित होने वाले सैकड़ो टन कचरे के निस्तारण के लिए जिला मुख्यालय से लगभग 35 किमी दूर नरसिंहपुरा बारानी में लगाना प्रशासन ने प्रस्तावित किया है जबकि पूर्व में यह संयंत्र श्रीगंगानगर शहर के साथ लगते चक 6-जैड़ में और फिर 7 किमी दूर नेतेवाला गांव में प्रस्तावित किया गया था। नेतेवाला में 2016 में प्रस्तावित किए जाने के बाद संयंत्र लगाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई थी। केंद्र सरकार ने लगभग 78 करोड़ का बजट जारी कर दिया और दिल्ली की एक कंपनी को इसके निर्माण का ठेका भी दे दिया गया था। पिछले 10 वर्ष में यह संयंत्र नहीं लग पाया जबकि संयंत्र के आसपास कुछ कॉलोनाइजरों ने कालोनियां विकसित करने की योजना प्रणाली। आरोप है कि इन कॉलोनाइजरों को फायदा पहुंचाने के लिए संयंत्र को श्रीगंगानगर शहर से 35 किमी दूर नरसिंहपुरा बारानी स्थानांतरित कर दिया गया।नरसिंहपुर बारानी के गोरखा सेवादल के संयोजक मैसी चौधरी तथा जागरूक किसान नेता महेंद्र खोथ सहित ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस प्लांट को यहां लगाया गया तो पूरा इलाका प्रदूषित हो जाएगा। प्लांट से निकलने वाली बदबू, मक्खी-मच्छरों का प्रकोप और रासायनिक प्रदूषण से बच्चों, महिलाओं तथा बुजुर्गों समेत पूरे समुदाय के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडराएगा। साथ ही आसपास की खेती-किसानी और पशुपालन भी बुरी तरह प्रभावित होगा। ग्रामीण स्पष्ट शब्दों में कह रहे हैं कि वे अपने गांव को कचरे का अड्डा नहीं बनने देंगे और प्लांट को किसी भी कीमत पर यहां नहीं लगने देंगे।आज यज्ञ के दौरान विधायक रुपिंद्रसिंह कुन्नर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी मांग पूरी तरह जायज है। यदि सरकार और जिला प्रशासन इस मुद्दे पर तुरंत ध्यान नहीं देते तो पूरा क्षेत्र बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि वे इस मामले को विधानसभा में भी जोरदार तरीके से उठाएंगे। साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। विधायक ने यज्ञ में आहुति देकर ग्रामीणों के साथ अपनी पूरी एकजुटता जताई।सद्बुद्धि यज्ञ का प्रतीकात्मक महत्वग्रामीणों ने इस सद्बुद्धि यज्ञ को प्रशासन की गलत नीतियों के खिलाफ नैतिक और सांस्कृतिक प्रतिरोध के रूप में आयोजित किया। गौधाम गौशाला में हुए इस कार्यक्रम ने न सिर्फ पर्यावरणीय चिंताओं को आवाज दी बल्कि पूरे समुदाय को एकजुट भी किया। ग्रामीणों का विश्वास है कि यज्ञ से सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होगी और प्रशासन सद्बुद्धि से काम लेगा।इस क्षेत्र में कचरा प्लांट को लेकर लंबे समय से ग्रामीण आंदोलनरत हैं। पहले भी कई प्रदर्शन हो चुके हैं। अब विधायक रुपिंद्रसिंह कुन्नर के सक्रिय समर्थन के बाद यह मुद्दा विधानसभा स्तर तक पहुंचने की संभावना बढ़ गई है।
