
शिव चौक के समीप सुबह 5 बजे लगी आग, एक घंटे की मशक्कत के बाद काबू में आई
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) शिव चौक के समीप पालिका बाजार स्थित रेस्टोरेंट ‘द बोन फायर’ में आज सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि रेस्टोरेंट के प्रथम तल पर रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।दमकल विभाग के अनुसार सुबह करीब 5बजे आग की सूचना मिलते ही फायरमैन नरेश कुमार, जसकरणसिंह और रईस कुरैशी एक फायर टेंडर लेकर तुरंत मौके पर पहुंचे। आग की विकरालता को देखते हुए दूसरे फायर टेंडर के साथ फायरमैन सुरेंद्रपाल विकास और हरकीरतसिंह को भी मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान प्रथम तल पर रखा फर्नीचर, फ्रिज समेत रेस्टोरेंट का लगभग सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया। रेस्टोरेंट के संचालक साहिल कालड़ा ने बताया कि आग प्रथम तल के हॉल में किसी वायरिंग के शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका है।

उन्होंने कहा कि कल देर रात रेस्टोरेंट बंद करने के बाद सभी कर्मचारी घर चले गए थे। रात में केवल एक कर्मचारी भूतल पर मौजूद था, जिसका रोजाना सुबह 4-5 बजे उठकर सफाई करने का काम था।यह कर्मचारी रात 2:30 बजे सोया था। तब तक सब कुछ ठीक-ठाक था।उसने सुबह 4:30 बजे उठने पर प्रथम तल पर आग लगी देखी। उसने तुरंत संचालक को सूचना दी। साहिल कालड़ा मौके पर पहुंचे तब तक दमकल विभाग को भी सूचना दे दी गई थी। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की त्वरित भाग-दौड़ के कारण आग को भूतल तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे और बड़ा नुकसान टल गया। हालांकि प्रथम तल का सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।संचालक साहिल कालड़ा ने बताया कि रेस्टोरेंट में छोटे अग्निशमन उपकरण लगाए गए थे, लेकिन आग और धुआं इतनी ज्यादा था कि उनका उपयोग करने का मौका ही नहीं मिल सका।आग बुझाने के बाद दमकल गाड़ियां सुबह 6:25 बजे अपने केंद्र पर वापस पहुंचीं।पालिका बाजार श्रीगंगानगर का व्यस्त इलाका है। इस घटना से आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल रहा। दमकल विभाग ने आगे जांच कर आग के सटीक कारण का पता लगाने की बात कही है।
