
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) हनुमानगढ़ जिले में भादरा पुलिस ने एक युवक को खेत में ट्यूबवेल पर लगे थ्री फेस कनेक्शन की कॉपर वायर चोरी करने के आरोप में पकड़ा है। पूछताछ करने पर उसने एक मंदिर से मूर्ति चोरी करना भी स्वीकार किया है। हनुमानगढ़ के पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी भीम सिंह उर्फ भीमा बावरी (20) बीकानेर जिले के छतरगढ़ थाना अंतर्गत मोतीगढ़ गांव का मूल निवासी है जो पिछले कुछ समय से श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में खेजड़ी मंदिर के पास घुमक्कड़ के रूप में रह रहा था। पकड़े जाने पर उसने हनुमानगढ़ जिले के गांव निनाण में रामदेव मंदिर से एक मूर्ति चोरी करना भी स्वीकार किया है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार गांव गुंजासरी निवासी भागीरथ ने 18 जून को भादरा थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वह आज सुबह 5 बजे खेत में गया तो वहां ट्यूबवेल पर लगे थ्री फेस कनेक्शन की लगभग 150 मीटर लंबी कॉपर वायर नहीं थी। कोई अज्ञात व्यक्ति वायर चोरी कर ले गया। पुलिस ने विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक महेंद्रकुमार को दी गई। जांच अधिकारी ने आज वायर चोरी करने के आरोप में भीमसिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में भीमसिंह ने अनेक मंदिरों और खेतों में बिजली की तारें चोरी करना स्वीकार किया है। उसके कब्जे से चोरी का कुछ सामान बरामद हुआ है। वारदातों में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल भी जब्त किया गया है
