
अब तक 9 गिरफ्तार, सरकारी स्कूल का पीटीआई और पुलिस भर्ती की तैयारी करने वाले भी शामिल
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) हनुमानगढ़ जिले की पुलिस ने पांच उन व्यक्तियों को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिनको नोहर थाना क्षेत्र के गांव असरजाना में एक खेत में बनी ढाणी में अवैध रूप से मैफेड्रोन(एमडी) ड्रग्स बनाने की पकड़ी गई फैक्ट्री के मामले में नामजद तथा चिन्हित किया गया था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में दीपचंद उर्फ दीपू जाट (27), सतीश नाई (36) निवासी डूंगराना थाना भादरा, विनोद नायक (22) निवासी खेदासरी थाना रावतसर जिला हनुमानगढ़ तथा सुखदेवसिंह उर्फ सुक्खा राजपूत (30) और बलवंतराम नायक (23)निवासी भोजेवाला थाना राजियासर जिला श्रीगंगानगर शामिल हैं। विगत शनिवार को पुलिस की एक टीम ने नोहर थाना क्षेत्र के गांव असरजाना के एक खेत में बनी ढाणी पर छापा मारा था, जहां अवैध रूप से चल रही एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई थी। मौके पर से सुभाष बिश्नोई निवासी कालूपुरा थाना सांचौर जिला जालौर, सुनीलसिंह राजपूत निवासी जाखड़ांवाली, रविंद्रसिंह राजपूत और विजयपालसिंह राजपूत निवासी असरजाना को गिरफ्तार किया गया था। इनके कब्जे से 212 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम,5.36 ग्राम अवैध मैफेड्रोन ड्रग्स (एमडी),चार कांच की बोतलों में मिथाइल प्रोपोफाइनन, एक कांच की बोतल में बेंजीन एसीएस 99.5 प्रतिशत, 25 लीटर एसीटोन, 25 लीटर हाइड्रोक्लोरिक एसिड, 25 लीटर मिथाइलमाइन 40 प्रतिशत और 2500 एमएल एन-मिथाइल-2-पायरोलिडोन (एनएमपी) बरामद किया है। ये सभी पदार्थ एचडी ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाले खतरनाक केमिकल हैं।एसपी मीणा ने बताया कि आरोपियों से जो रसायन बरामद किए गए हैं, उनसे करीब एक किलोग्राम एमडी ड्रग्स बन सकती थी, जिसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपए होती है। आरोपियों ने अभी केवल दस ग्राम एमडी ड्रग्स ही बनाई थी, जिसमें से कुछ का उन्होंने सेवन कर लिया तथा शेष उनसे बरामद कर ली गई।एसपी नरेन्द्रसिंह ने बताया कि आरोपी सुभाष बिश्नोई मुख्य आरोपी है, जिसने अन्य को एमडी बनाने के लिए तैयार किया। वह कुछ रसायन गुजरात से लेकर आया और बाकी सामान ऑनलाइन मंगवाया। एसपी मीणा ने बताया कि आरोपी विजयपालसिंह निवासी असरजाना राजकीय विद्यालय में पीटीआई है, जबकि आरोपी सुनील कुछ बरस पहले तक पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहा था। साथ ही सूरतगढ़ में पीजी हॉस्टल भी संचालित करता था।एसपी मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुभाष के खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस, डकैती, पॉक्सो और गंभीर मारपीट सहित पांच मामले दर्ज हैं और वह गुजरात के डीसा थाने में दर्ज एमडी प्रकरण में भी फरार चल रहा है। वहीं सुनील कुमार के खिलाफ हत्या के प्रयास और मारपीट सहित तीन मामले दर्ज हैं।
