
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) राजस्थान पुलिस ने उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा 2021 के पेपर लीक प्रकरण में एक और अहम गिरफ्तारी की गई है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विशाल बंसल ने आज बताया कि इस मामले में आरोपी मनीष दाधीच(30) निवासी सागू छोटी पोस्ट सागू कला पुलिस थाना खुनखुना जिला डीडवाना-कुचामन को गिरफ्तार किया गया है।वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग(आरपीएससी) सदस्य बाबूलाल कटारा द्वारा लीक किए गए प्रश्नपत्रों का फायदा उठाते हुए मनीष दाधीच ने अपने बड़े भाई पुरुषोत्तम दाधीच की जगह परीक्षा दी थी। पुरुषोत्तम दाधीच वर्तमान में सहायक लेखाधिकारी प्रथम के पद पर संयुक्त निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग उदयपुर में तैनात हैं। मनीष दाधीच ने लिखित परीक्षा में हिंदी विषय में 200 अंकों में से 170.08 अंक और सामान्य ज्ञान विषय में 200 अंकों में से 158.69 अंक प्राप्त किए थे। हालांकि साक्षात्कार में न्यूनतम अंक न मिलने के कारण वह अंतिम रूप से चयनित नहीं हो सका। पुरुषोत्तम दाधीच को पिछले वर्ष 2 जून को और संदीपकुमार लाटा को 4 जून को गिरफ्तार किया जा चुका है। संदीपकुमार लाटा सहायक लेखाधिकारी प्रथम के पद पर वित्त भवन जयपुर में कार्यरत हैं। दोनों के विरुद्ध आरोप पत्र 31 जुलाई 2025 को कोर्ट में पेश किया जा चुका है और वर्तमान में दोनों जमानत पर बाहर हैं। उन्होंने बताया कि इस भर्ती परीक्षा पत्र के लीक होने के जयपुर के पुलिस थाना एसओजी में दर्ज प्रकरण की जांच जारी है। इस मामले में अब तक कुल 147 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
