
आंदोलन को तहसील स्तर तक ले जाने की चेतावनी
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) नर्सेज संयुक्त संघर्ष समिति के प्रांतीय आह्वान पर राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन द्वारा आज लगातार तीसरे दिन भी जिला अस्पताल के प्रशासनिक ब्लॉक के बाहर विरोध प्रदर्शन कर आक्रोश प्रकट किया गया।गेट मीटिंग कर आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी।एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रविन्द्र शर्मा और पदाधिकारी गुरुप्रेम सिंह ने बताया कि जयपुर में महिला कित्सालय सांगानेरी गेट में दीपक के सरकार द्वारा संविदा सेवा अचानक समाप्त करने से व्यथित होकर आत्महत्या करने से प्रदेश का पूरा नर्सेज समुदाय स्तब्ध है। इसके साथ साथ चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा पिछले कई वर्षों से संविदा सेवाएं दे रहे हजारों संविदा नर्सेज की सेवाएं समाप्त कर घर भेज दिया गया है,जिससे ये नर्सेज और इनके परिवार असमंजस में है । श्री गंगानगर के राजकीय मैडीकल कॉलेज से भी 11 संविदा नर्सेज की सेवाएं समाप्त कर दी गयी हैं। नर्सेज संयुक्त संघर्ष समिति 12 जून 2026 से दीपक के परिवार को न्याय देने, हटाये गए संविदा नर्सेज की सेवाएं बहाल करने ,प्लेसमेंट एजेंसी से नर्सेज की भर्ती पर रोक लगाने , आगामी नर्सिंग भर्ती में पूर्व की भांति मेरिट और बोनस अंकों के आधार पर करने की मांगों को लेकर आंदोलनरत है।इसके समर्थन में प्रदेश के विभिन्न जिलों में नर्सेज गेट मीटिंग विरोध प्रदर्शन कर राज्य सरकार का ध्यान आकर्षण कर रहे हैं लेकिन राज्य सरकार और चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा कोई राहत आज तक नहीं दी गयी है। इससे चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत नियमित और संविदा नर्सेज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में गंगानगर में आज लगातार तीसरे दिन जिला चिकित्सालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया।इस मौके पर शैलेंद्र शर्मा, विजय शर्मा, सन्दीप यादव, चिरंजीलाल, सुरेन्द्र सुथार, राजेश वर्मा,पृथ्वीराज, सुभाष, रविन्द्र यादव, राहुल मोयल, सुभाष बेनीवाल,संतोष कुमार,सुसम्मा सी ए,नेहा, पूजा ,बबिता ,संतोषकुमारी सहित नर्सेज और नर्सिंग प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
