
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) सूरतगढ़ थर्मल पावर प्लांट में स्थित राजस्थान विद्युत उत्पादन मजदूर यूनियन (इंटक) के कार्यालय में आज प्रदेश महामंत्री व जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर शर्मा की अध्यक्षता में तकनीकी कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर इंटक कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने तकनीकी कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए मांग रखी कि उत्पादन निगम के तकनीकी कर्मचारियों को टाइम बाउंड प्रमोशन पॉलिसी का लाभ उनकी नियुक्ति तिथि से दिया जाए तथा तकनीकी कर्मचारियों के तीन वर्ष के प्रशिक्षण (ट्रेनिंग पीरियड) को नियमित सेवा अवधि में जोड़ा जाए।बैठक में सूरतगढ़ थर्मल पावर प्लांट की सुपर क्रिटिकल इकाई 7 व 8 को ठेके पर देने का विरोध दर्ज करवाते हुए कहा गया कि इससे कर्मचारियों व मजदूरों के हित प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही निर्माणाधीन एफजीडी प्लांट को बंद करने की कथित साजिशों को रोकने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। पदाधिकारियों ने कहा कि एफजीडी प्लांट पर्यावरण संरक्षण, आसपास के गावों को बचाने एवं उत्पादन इकाइयों के भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।बैठक में 30 जून को हनुमानगढ़ में आयोजित होने वाले इंटक के जिला सम्मेलन में सूरतगढ़ थर्मल से प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त आवासीय कॉलोनी के घरेलू विद्युत कनेक्शनों को प्लांट से जोड़ने, तकनीकी कर्मचारियों को उनके ग्रेड-पे के अनुसार आर-3 एवं आर-4 श्रेणी के क्वार्टर आवंटित करने तथा 50 वर्ष से अधिक आयु के सभी अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मचारियों का नियमित मेडिकल परीक्षण कॉलोनी डिस्पेंसरी में करवाने की मांग भी रखी गई।बैठक में निर्णय लिया गया कि इन सभी मांगों एवं समस्याओं से निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक को अवगत करवाकर शीघ्र समाधान की मांग की जाएगी।बैठक में उत्पादन इंटक के कार्यकारी अध्यक्ष महावीर सांचोरिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमृतपाल चौहान, थर्मल इंटक के अध्यक्ष कंवरजीतसिंह, इकाई महामंत्री लक्ष्मीलाल सुथार, बृजलाल गोयल, सुखजिंदरसिंह बराड़, मनजीत जोशन, विनोद पांडे, ईश्वर डूडी, मदनलाल स्वामी, महावीरसिंह पवार, जसवंत यादव, हनुमानसिंह,संजय बोला,अमरचन्द,जेपी बेनीवाल सहित अनेक इंटक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
