
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) पुरानी आबादी थाना इलाके में चांदनी चौक के नजदीक शक्ति नगर की गली नंबर 1 में बीती रात एक सूने मकान में चोरी की वारदात हो गई। मकान मालिक चंदन अनेजा ने आज पुरानी आबादी थाना में रिपोर्ट देते हुए बताया कि अज्ञात चोर रात को दो-ढाई बजे उसके मकान के मुख्य दरवाजे पर लगे ताले को तोड़कर अंदर कमरों की अलमारी व बक्सों का सामान खंगाल कर एक लाख रुपए नगद, सोने की एक अंगूठी और चांदी की दो पाजेब जोड़ियां ले गए। चोरों ने घर में चोरी करने के बाद कुछ देर आराम भी किया। यह सारा दृश्य पास के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैदहो गया।चंदन ने बताया कि वे कल शाम को अपने पूरे परिवार के साथ पंजाब के निकटवर्ती शहर अबोहर में अपनी भांजी की शादी का भात (मायरा) भरने के लिए गए थे। उनको एक पड़ोसी ने आज सुबह फोन कर बताया कि उसके मकान के मुख्य दरवाजे पर लगा ताला तोड़कर नीचे फेंका हुआ है। दरवाजे का कुंडा भी टूटा हुआ है। उसके कहने पर पड़ोसी ने अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था।उन्होंने घटना की सूचना तुरंत ही पुलिस को दी।

कुछ ही देर में पुलिस मौके पर आ गई।मकान का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने गली में आसपास के घरों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक करना शुरू कर दिया। हासिल जानकारी के अनुसार इस वारदात को दो-तीन चोरों ने अंजाम दिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। वहीं गली के निवासियों ने बताया कि एक दिन पहले रविवार-सोमवार की रात को भी चोरों ने इसी गली में एक अन्य मकान में चोरी करने का प्रयास किया था। जिस मकान में उन्होंने घुसने की कोशिश की उसमें परिवार मौजूद था। परिवार वालों को जैसे ही खटका होने की आवाज सुनी, उसने शोर मचा दिया। जिस पर चोर भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास की गलियों में भाग दौड़ और तलाश करने पर संदिग्ध चोर पकड़ में नहीं आए। अब बीती रात चंदन के मकान में चोरी हो जाने पर गली निवासियों को शक है कि जो चोर एक दिन पहले वारदात करने आए थे, उन्हीं चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने बताया कि संदिग्ध चोरों का पता लगाने के प्रयास किये जा रहे हैं।
