
छात्र हितों के लिए हमेशा संघर्षरत रहेंगे : ईशानवीर मान
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय बीकानेर द्वारा लागू किए गए विवादित ‘परिणाम नियम संशोधन-2026’ आदेश को वापिस लेने पर छात्र एकता की जीत बताया है। जिलाध्यक्ष ईशानवीर मान के नेतृत्व में पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व छात्रों ने बुधवार को शहर के विभिन्न कॉलेजों में मिठाई बांटकर, ढोल बजाकर तथा ‘करे पढ़ाई लड़े लड़ाई – एनएसयूआई एनएसयूआई के नारे लगाकर खुशी का इजहार किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष मान ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर एनएसयूआई द्वारा श्रीगंगानगर जिले सहित पूरे बीकानेर सम्भाग में पिछले कई दिनों से आंदोलन किया जा रहा था तथा कॉलेजों में हड़ताल भी करवाई गई थी। एनएसयूआई के आंदोलन के फलस्वरूप गत दिवस महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय द्वारा छात्र हित में महत्वपूर्ण संशोधन किए गए हैं, जिससे छात्रों को काफी राहत मिली है तथा उनके जीवन के महत्वपूर्ण साल बर्बाद होने से बच जाएंगे। जिलाध्यक्ष ईशानवीर मान ने कहा कि एनएसयूआई हमेशा छात्र हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। इस अवसर पर एनएसयूआई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता व कॉलेजों के छात्र उपस्थित थे।
