
भीषण गर्मी में पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए सार्वजनिक स्थलों पर लगाए सैकड़ों परिंडे
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) श्रीजी संस्थान तथा जागृति संस्थान का भीषण गर्मी में पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए चलाया जा रहा ‘परिंडे लगाओ अभियान’ मंगलवार को लगातार 30वें दिन भी अनवरत जारी रहा। श्रीजी संस्थान जिलाध्यक्ष ज्योति शर्मा तथा जागृति संस्थान जिलाध्यक्ष सुनीता आचार्य व संरक्षक डॉ. पीसी आचार्य के नेतृत्व में मंगलवार को जी ब्लॉक स्थित हरमिलापी मंदिर में परिंडे लगाए गए। इस अभियान के तहत अब तक विनोबा बस्ती पार्क, श्रीरामशरणम् आश्रम सहित शहर के विभिन्न पार्कों, मंदिरों व र्वजनिक स्थानों पर अब तक सैकड़ों परिंडे लगाए जा चुके हैं। इस मानवीय और करुणापूर्ण प्रयास की स्थानीय नागरिकों द्वारा भी भरपूर सराहना की जा रही है तथा क्षेत्रवासी स्वयं आगे आकर अपने क्षेत्रों में परिंडे लगवाने तथा नियमित रूप से इनमें पानी भरने की जिम्मेदारी भी ले रहे हैं।सेवा परमो धर्म की भावना से इस अभियान में श्रीजी संस्थान जिलाध्यक्ष ज्योति शर्मा, सचिव सीमा गर्ग, जागृति संस्थान जिलाध्यक्ष सुनीता आचार्य, संरक्षक डॉ. पी.सी. आचार्य, पूर्व पार्षद अमरजीत गिल, रवि कटारिया, शरद जसूजा, यशिका, सूरज वर्मा, भावना शर्मा, मनीषा शर्मा, किरण शर्मा, राजेश लीला, नव शर्मा सहित सभी सदस्य बढ़-चढक़र सहयोग कर रहे हैं। सदस्यों द्वारा प्रतिदिन सुबह से ही परिंडे लगाने के साथ-साथ जल-व्यवस्था में भी पूर्ण सहयोग किया जा रहा है।ज्योति शर्मा तथा प्रो. पी.सी. आचार्य ने बताया कि इस भियान के तहत शहर के विभिन्न मंदिरों, पार्कों, तथा सार्वजनिक स्थानों पर 2 हजार से अधिक मिट्टी के परिंडे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी में जल के अभाव में पक्षियों के प्राण संकट में आ जाते हैं, जिसे देखते हुए यह अभियान लक्ष्य पूरा होने तक निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने शहरवासियों से भी सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए अपने घरों की छतों और बालकनी में परिंडे लगाने व नियमित जल भरने का आह्वान किया है, ताकि भीषण गर्मी में पानी पीकर पक्षियों को राहत मिल सके।
