
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) जिले के युवा सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट दिनेश कुमार ने भारतीय सेना के प्रतिष्ठित कमांडो स्कूल, बेलगाम में आयोजित अत्यंत कठिन एवं चुनौतीपूर्ण कमांडो कोर्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ‘बेस्ट कमांडो अवार्ड’ प्राप्त कर श्रीगंगानगर सहित पूरे राजस्थान का नाम गौरवान्वित किया है।कमांडो स्कूल, बेलगाम द्वारा संचालित यह प्रशिक्षण विश्व के सबसे कठिन सैन्य प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल माना जाता है।

इस कोर्स के दौरान प्रतिभागियों की शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता, नेतृत्व कौशल, सामरिक दक्षता तथा विषम परिस्थितियों में निर्णय लेने और कार्य करने की क्षमता का कठोर परीक्षण किया जाता है।लेफ्टिनेंट दिनेश कड़वासरा ने पूरे प्रशिक्षण के दौरान अदम्य साहस, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए सभी प्रतिभागियों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें जूनियर लीडर्स विंग, बेलगाम के कमांडर मेजर जनरल राकेश मिनोचा द्वारा ‘बेस्ट कमांडो अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।इस उपलब्धि पर सामाजिक कार्यकर्ता सौरभ जैन ने लेफ्टिनेंट दिनेश कुमार कड़वासरा का पटका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। सौरभ जैन ने कहा कि दिनेश कुमार की यह उपलब्धि श्रीगंगानगर के युवाओं के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है तथा इससे युवा वर्ग में देशसेवा के प्रति सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।
