
हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र के गांव खाट लबाना में घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव पुलिस बल को किया गया तैनात
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र के गांव खाट लबाना में खेत में पालतू दुधारू पशु के घुसने की रंजिश में आज दोपहर एक युवक की लाठी तथा लोहे की रोड से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के समय इस युवक के दो भाई उसके साथ थे। हमलावरों ने उन पर भी वार भी किए, जिससे वे मामूली घायल हो गए। पुलिस ने इसी गांव के पिता-पुत्र समेत चार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। वारदात के बाद आरोपी फरार हैं,जिनको पकड़ने के लिए पुलिस ने चारों तरफ से शिकंजा कस दिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान मलकीतसिंह (33) के रूप में हुई है वह आज दोपहर लगभग 11बजे अपने दो भाइयों निहालसिंह एवं रवि के साथ खेत से मोटरसाइकिल पर वापस घर आ रहा था। गांव में उनके घर की गली में ही आरोपियों ने इनको रोक लिया। आरोपियों के पास लाठी-डंडे तथा लोहे की रोड थी,जिससे उन्होंने ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मलकीतसिंह बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसके सिर में घातक चोट लगी।उसके भाई निहालसिंह एवं रवि ने इधर-उधर भाग कर अपनी जान बचाई। हालांकि उनके भी कुछ चोटें आई हैं। बुरी तरह से लहूलुहान हुए मलकीतसिंह को उसके परिवार वाले तुरंत ही पास के गांव फतूही के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले गए। डॉक्टर ने उसका उपचार किया लेकिन हालात गंभीर देखते हुए उसे तुरंत ही श्रीगंगानगर के जिला अस्पताल ले जाने के लिए बोल दिया। पुलिस के अनुसार दोपहर लगभग 12 बजे मलकीतसिंह को जिला अस्पताल में लाया गया, तब तक वह दम तोड़ चुका था। उसकी मौत होने का पता चलते ही, उसके घर परिवार में कोहराम मच गया। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि इस हत्याकांड को लेकर गांव में दोनों पक्षों में कुछ तनाव की स्थिति बन रही है। इस पर गांव में तुरंत ही पुलिस बल को तैनात को कर दिया गया। हिंदूमलकोट के थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर सुनील खोड ने बताया कि फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है।आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। मृतक के भाई निहालसिंह द्वारा दी गई रिपोर्ट पर इसी गांव के बंटी,उसके पिता प्रेमसिंह के अलावा श्याम तथा ज्ञानी नामक व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। इधर,जिला अस्पताल में दोपहर बाद पोस्टमार्टम होने पर मलकीतसिंह की डेड बॉडी परिवार वालों को दे दी गई। मलकीतसिंह के परिवार की गांव में कृषि भूमि है, वही खुद मलकीतसिंह अपने एक भाई के साथ श्रीगंगानगर में बड़ा बाजार में प्रिंटिंग प्रेस का व्यवसाय करता था। उसके दो बच्चे हैं। पुलिस के अनुसार मलकीतसिंह और बंटी के परिवारों में पिछले कुछ दिनों से खेत में पशु के घुस आने की बात को लेकर रंजिश चली आ रही थी। बंटी के परिवार द्वारा पालतू पशु खुला छोड़ दिए जाते थे जो मलकीतसिंह के खेत में आ जाते थे और फसल खराब कर देते थे। कल शाम को भी बंटीसिंह के परिवार की एक पालतू गाय मलकीतसिंह के खेत में आ गई थी। इस पर मलकीतसिंह के पिता आलासिंह ने उसी समय बंटी के घर जाकर उलाहना दिया। तब भी इनका झगड़ा हो गया था। आरोप है कि झगड़े में आलासिंह को लाठी से चोट मार कर घायल कर दिया गया था। वह अपना इलाज करने के लिए अस्पताल भी किया था। कल शाम हुए इसी झगड़े की रंजिश में आरोपी पक्ष ने आज दोपहर उसे समय मलकीत सिंह, निहालसिंह और रवि पर हमला कर दिया, जब वह मोटरसाइकिल पर खेत की तरफ से घर आ रहे थे।
