
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) सदर थाना अंतर्गत हनुमानगढ़ मार्ग पर रीको उद्योग विहार के निकट स्थित टांटिया ग्रुप के जन सेवा हॉस्पिटल में अधेड़ उम्र के एक मरीज की कल शाम को मौत हो जाने पर आज बड़े तड़के तक उसके परिवारजन हंगामा करते रहे।सूचना मिलने पर एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष ईशानवीर मान और उनके साथी भी अस्पताल में पहुंचे। परिवारजन तथा एनएसयूआइ के कार्यकर्ता अस्पताल कैंपस में धरना देकर बैठ गए।उन्होंने आरोप लगाया कि हॉस्पिटल के डॉक्टर में स्टाफ कर्मियों द्वारा मरीज को उचित इलाज नहीं देने के कारण मौत हुई है। कल रात टांटिया यूनिवर्सिटी कैंपस में एक पंजाबी फिल्म की स्टार कास्ट का फिल्म प्रमोशन कार्यक्रम भी था। इसमें काफी भीड़ उमडी थी। आरोप लगाया गया है कि इस कार्यक्रम के आयोजन में अस्पताल के स्टाफ कर्मियों को भी लगा गया था। यहां तक की एंबुलेंस में कार्यक्रम के लिए फूल ले जा रहे थे।हंगामा के दौरान जन सेवा अस्पताल प्रबंधन और मरीज के परिवारजनों में वार्ता हुई। आज बड़े तड़के 1.30 बजे राजीनामा हो गया ,जिस पर परिवारजन मरीज के शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने गांव ले गए। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ईशानवीर मान ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि श्रीकरणपुर के निकट गांव रूपनगर निवासी महिमासिंह (55) का लगभग 15 दिन पहले जनसेवा हॉस्पिटल में हार्ट संबंधी ऑपरेशन हुआ था। उनको परसों सोमवार को छुट्टी दे दी गई लेकिन कल उन्हें वापस चेकअप के लिए बुलाया था। महिमासिंह को उसके परिवारजन दोपहर लगभग 3 बजे हॉस्पिटल में लेकर आए। श्री मान के मुताबिक तब अस्पताल के चिकित्सा कर्मियों व डॉक्टरों ने उनको सही तरीके से नहीं देखा। अस्पताल के एक नर्सिंग स्टाफ का व्यवहार भी काफी खराब था। चेकअप के लिए बुला लेने के बाद भी महिमासिंह को कथित रूपसे डॉक्टर ने चेक नहीं किया, वहीं नर्सिंग स्टाफ ने भी लापरवाही बरती। कल शाम लगभग 7 बजे महिमासिंह की मृत्यु हो गई, जिस पर उसके परिवार वालों में आक्रोश फैल गया श्री मान ने बताया कि महिमा सिंह के परिवारजनों द्वारा जानकारी दिए जाने पर वे कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और सारे मामले की जानकारी ली। महिमासिंह के परिवारजन धरने पर बैठ गए। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भी उनका समर्थन किया। श्री मान बताया कि वह रात को एक बजे वापस आ गए। इसके लगभग आधे घंटे बाद परिवारजनों ने फोन कर बताया कि उनका राजीनामा हो गया है। अस्पताल प्रबंधन ने इस मामले में कथित रूप से लापरवाही बरतने के कारण एक नर्सिंग स्टाफ को हटा दिया है। दोनों पक्षों में क्या राजीनामा हुआ है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई लेकिन इस हंगामा के कारण अस्पताल में कल देर रात तक काफी गहमागहमी रही। दूसरी तरफ जनसेवा हॉस्पिटल के मैनेजर वेदप्रकाश का कहना है की महिमा सिंह की मौत बीमारी के कारण हुई है।इसमें अस्पताल स्टाफ की कोई लापरवाही नहीं है।
