
संविदा कर्मी दीपक को न्याय की मांग
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) राजस्थान नर्सेज संयुक्त संघर्ष समिति के प्रांतीय आह्वान पर नर्सेज द्वारा चलाया जा रहा आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया है । राजकीय जिला चिकित्सालय में राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन श द्वारा आज प्रशासनिक ब्लॉक के बाहर आयोजित विरोध प्रदर्शन और गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राहुल मोयल और चिरंजीलाल ने बताया कि संगठन मृतक संविदा नर्सिंग कर्मी दीपक के परिवार को न्याय देने और हटाये गए संविदा नर्सेज को पुनः सेवा में लेने, आगामी नर्सिंग भर्ती मेरिट और अनुभव के बोनस अंकों के आधार पर करने ,चिकित्सा विभाग में नर्सेज की भर्ती प्लेसमेंट एजेंसी से करने पर रोक लगाने सहित चार सूत्रीय मांगो को लेकर 12 जून से आंदोलन कर रही है, लेकिन अभी तक नर्सेज को न्याय नहीं मिला है। इस कारण अव आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए कल से उपखण्ड स्तर पर विरोध प्रदर्शन और गेट मीटिंग शुरू की जाएंगी ।जिलाध्यक्ष रविन्द्र शर्मा ने बताया कि जयपुर के सभी सरकारी अस्पतालों में नर्सेज चरणबद्ध रूप से आंदोलन कर राज्य सरकार से मांगों पर कार्यवाही का आग्रह कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई राहत नर्सेज को नहीं मिली है। इस कारण नर्सेज में रोष बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में आज भी जिला कित्सालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया। जिसमें रमेश तोमर, रामकुमार सिहाग,सुरेन्द्र गोदारा, नरेश चराया, सोहनलाल, शैलेन्द्र शर्मा, विजय शर्मा, गुरुप्रेमसिंह,रजनीश ,सुभाष बेनीवाल, सुनील नायक,विनोदसागर, संतोषकुमार,शोभा बोहला, सुसम्मा सीए, नेहा चराया, सुनीता मार्टिन,संतोष कुमारी,पूजा सहित नर्सेज और नर्सिंग प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
