
श्रीगंगानगर। उदयीमान क्रिकेटर मानव सुथार को भारतीय टेस्ट टीम में शामिल और इंग्लैंड में काउंटी मैच खेलने के बाद पहली बार अपने शहर श्रीगंगानगर आगमन पर जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। जिला क्रिकेट संघ के सचिव विनोद सहारा ने आज बताया कि मानव सुथार 30 जून को श्रीगंगानगर आएंगे। उसे दिन उनके सम्मान में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया जाएगा,जिसकी की तैयारियां शुरु कर दी गयी। उन्होंने बताया कि मानव सुथार ने भारतीय क्रिकेट में अपनी प्रतिभा, मेहनत एवं शानदार प्रदर्शन के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान बनाई है। उनके टेस्ट क्रिकेट में चयन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन से संपूर्ण श्रीगंगानगर जिला गौरवान्वित हुआ है। समारोह में जिले के क्रिकेट खिलाड़ी, कोच, खेल प्रेमी, विभिन्न खेल संस्थाओं के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठन तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर मानव सुथार युवा खिलाड़ियों को संबोधित करेंगे तथा अपने क्रिकेट सफर के अनुभव साझा करेंगे। उन्हें संघ की ओर से विशेष अभिनंदन-पत्र भी भेंट किया जाएगा। इसी कार्यक्रम में जिला क्रिकेट संघ द्वारा भामाशाह सेठ सुशीलकुमार बिहाणी अवार्ड उत्कृष्ट खिलाड़ियों और कोच को दिये जायेंगे।
