
सिविल डिफेंस के गोताखोर दिनभर करते रहे तलाश
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) गंग कैनाल की बारहमासी नहर में दो भाइयों के डूब जाने की आशंका है। आज सुबह सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। नहर में डूबने की आशंका को देखते हुए सिविल डिफेंस के गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोर देश शाम तक नहर में तलाश करते रहे। दोनों भाइयों का कुछ पता नहीं चला। उनके परिवार वालों में कोहराम मचा हुआ है।सदर थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर सुभाषचंद्र ढील ने बताया कि आज सुबह नेहरानगर निवासी एक परिवार ने थाने में आकर सूचना दी कि उनके दो सदस्य मुकेश(38) और राकेश(41)लापता हैं।उनकी स्कूटी एसएसबी रोड नहर पुल के पास आज सुबह लावारिस खड़ी थी। नहर के किनारे पर इनमें से एक की चप्पलें तथा स्कूटी की चाबी मिली है। दोनों भाई कल दोपहर को घर से गए थे। जब देर रात तक दोनों वापस नहीं आए तो उन्होंने तलाश की लेकिन कुछ भी पता नहीं चला। आज सुबह उनको तलाश के दौरान पता चला कि उनकी स्कूटी नहर के पास खड़ी है।इनमें से एक की चप्पलें और स्कूटी की चाबी किनारे पर रखी हुई है। तब वे मौके पर गए। इधर-उधर तलाश करने पर भी दोनों भाई नहीं मिले। थाना प्रभारी के अनुसार इस सूचना पर सहायक उप निरीक्षक सतवीरसिंह राठौड़ सहित कुछ पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया। दोनों भाइयों के नहर में डूब जाने की आशंका को देखते हुए सिविल डिफेंस के गोताखोरों को बुला लिया गया। एएसआई राठौर ने बताया कि एसएसबी रोड पुल से नेतेवाला हैड तक गोताखोरों ने तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। देर शाम गोताखोरों तलाश का काम रोक दिया लेकिन दोनों भाइयों के परिवारजन तथा अड़ोस पड़ोस के लोग नहर पर मौजूद हैं। कुछ लोग नेतेवाला हैड पर भी नहर पर नजर रखे हुए हैं। दोनों भाई धोबी का काम करते हैं। दोनों शादीशुदा हैं।इनमें राकेश की पत्नी उससे अलग होकर पंजाब में कहीं रह रही है। कल दोपहर को इन दोनों को नहर पर देखा गया था। बताया जाता है कि उस समय दोनों शराब का सेवन कर रहे थे।पुलिस ने संभावना व्यक्त की है कि नशे की हालत में नहर में नहाने के दौरान पानी के तेज बहाव में बह गए। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में थाने में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ था। पुलिस का कहना है कि पहले अच्छी तरह से दोनों भाइयों की तलाश की जाएगी। उसके बाद आगे कार्यवाही की जाएगी।
