
सद्भावना के सिपाही संगठन की कार्यकारिणी बैठक संपन्न
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) जनहित और सकारात्मकता को ध्येय मानकर समर्पण के पर्याय बने सद्भावना के सिपाही संगठन की जिला कार्यकारिणी बैठक आज जयपुर में में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कैलाश शर्मा गुरुजी ने की। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी सामाजिक योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।बैठक के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री एवं चेयरमैन राजीव अरोड़ा ने कहा कि पिछले लगभग 25 वर्षों से अधिक समय से सद्भावना के लिए कार्यरत इस संगठन ने प्रदेश भर में सांप्रदायिक सौहार्द में आमूलचूल कार्य किए हैं। दंगे-तनाव एवं आपातकालीन समय में इस संगठन के कार्यकर्ताओं ने भाईचारे की मिसाल कायम की है। रक्तदान, राहत सामग्री वितरण और आपसी संवाद के माध्यम से संगठन ने समाज को जोड़ने का काम किया है। सदस्य सुशीला जैन को प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा अल्पसंख्यक विभाग में महासचिव नियुक्त किए जाने पर राजीव अरोड़ा ने साफा पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सुशीला जैन की नियुक्ति संगठन की नारी शक्ति और समर्पण का सम्मान है। इससे अल्पसंख्यक वर्ग के उत्थान को नई दिशा मिलेगी। राजीव अरोड़ा ने उपस्थित साथियों और पदाधिकारियों को हर वर्ग, हर तबके के हितार्थ चल रही नियमित सामाजिक गतिविधियों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने आगे की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए कहा कि अब संगठन को शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, मिलावटखोरी और नशा मुक्ति अभियानों पर विशेष फोकस करना चाहिए ताकि जनहित के कार्य और व्यापक हों।जिला कार्यकारी अध्यक्ष अजय सक्सेना और संयोजक विक्रमसिंह पंवार ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि हमारा समर्पण ही सद्भावना है। बैठक में सभी कार्यकर्ताओं ने समाज में एकता, प्रेम और सौहार्द बढ़ाने का संकल्प लिया।
