
श्रीगंगानगर। राजियासर थाना क्षेत्र ग्राम पंचायत देईदासपुरा के गांव सांवलसर में सोमवार देर शाम को एक कच्चे मकान में भीषण आग लग गई, जिससे आसपास के घरों में रहने वाले परिवारों में हडक़ंप मच गया। ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने पर आग पर काबू पाने के लिए थर्मल पावर ह्रश्वलांट से तीन दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों को आग पर काबू पाने में लगभग 2 घंटे लगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा सांवलसर में मदन स्वामी नामक व्यक्ति के घर में हुआ है। जानकारी के मुताबिक घर के एक कमरे में सूखा भूसा और तूडी भरी हुई थी। पास वाले कच्चे कमरे में कृषि कार्यों में उपयोग के लिए डीजल से भरे हुए दो ड्रम रखे हुए थे। ग्रामीणों के मुताबिक आग पहले सूखे भूसे और तूड़ी से भरे कमरे में लगी। मदन स्वामी के परिवारजनों और पड़ोसियों ने आग पर काबू पाने के प्रयास किया लेकिन आग बड़ी तेजी से भडक़ी और साथ वाले कमरे को भी चपेट में ले लिया। इस कमरे में रखे डीजल से भरे ड्रमों में भी आग लग गई।तब आग लगने की सूचना राजियासर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर हवलदार असलम व अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे।आग की विकरालता को देखते हुए पुलिस ने थर्मल प्रशासन से मदद मांगी। तब तीन दमकल वाहन घटना स्थल के लिए रवाना किए गए। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने लगातार 2 घंटे तक अथक प्रयास किया, जिससे आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस ने बताया कि जिन कमरों में आग लगी वहीं पास में ही रसोई भी है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है की रसोई से निकली चिंगारी से पहले आज भूसे से भरे कमरे में लगी और फिर डीजल के ड्रम वाले कमरों तक फैल गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने के लिए जेसीबी की भी मदद ली। जेसीबी से मकान के एक हिस्से को गिरना भी पड़ा।
