
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस)हनुमानगढ़ जिले के संगरिया थाना क्षेत्र में सब इंस्पेक्टर केशव शर्मा की टीम ने कल देर रात को भारतमाला मार्ग पर नगराना टोल नाका के नजदीक एक पिकअप वाहन में अवैध रूप से लेजा जा रही चंडीगढ़ निर्मित लगभग 36 लाख रुपए मूल्य की अंग्रेजी शराब को जब्त किया। पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने बताया कि पिकअप चला रहे अनिल बिश्नोई (25) निवासी भादू गोयतों की ढाणी हेमागुड़ा तहसील चितलवाना थाना झांब जिला जालौर को गिरफ्तार कर लिया गया।

पिकअप वाहन में रॉयल चैलेंज व्हिस्की के 118 कार्टून में 9504 क्वार्टर बरामद हुए हैं। इस शराब की अनुमानित कीमत लगभग 36 लाख रुपए है। पुलिस सूत्रों के अनुसार चालक से पूछताछ में पता चला है कि उसे चंडीगढ़ के समीप खरड़ में कुछ लोगों ने पिकअप गाड़ी को अज्ञात स्थान पर ले जाकर शराब से लोड करके वापस उसे लाकर दी गई थी। सांचोर-जालोर पहुंचने पर उसे निर्देश मिलने थे कि माल को आगे कहां पहुंचना है। आगे यह शराब गुजरात ले जानी थी।आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर बरामद शराब के बारे में अनिल बिश्नोई से पूछताछ की जारी है।
