
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अंतर्गत पात्र दिव्यांग एवं वरिष्ठ जनों को सहायक उपकरण प्रदान करने की सेवा यहां जारी है। केंद्र सरकार के उपक्रम भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) का प्रधानमंत्री दिव्याशा वयोश्री केंद्र टांटिया यूनिवर्सिटी परिसर में चल रहा है। केंद्र के प्रभारी डॉ. माधवप्रसाद नायक ने बताया कि सोमवार को दस बैटरी चालित ट्राइसाइकिल सहित कुछ अन्य सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। कुछ समय पहले जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव, विभाग के उप निदेशक वीरेंद्रपाल सिंह एवं यूनिवर्सिटी के वाइस चेयरपर्सन डॉ. मोहित टांटिया ने 21 पात्र जनों को सहायक उपकरण वितरित किए थे। यूनिवर्सिटी मे डायरेक्टर डॉ. मुकेश गोयल के अनुसार टांटिया समूह अपने सामाजिक सरोकारों की कड़ी में दिव्यांग एवं वरिष्ठ जनों के लिए इस केंद्र के माध्यम से सक्रिय सहभागिता निभा रहा है।डॉ. नायक ने बताया कि एडिप योजना में दिव्यांगजनों को निशुल्क सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए यूडीआईडी कार्ड, आधार और आय या पेंशन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होता है। सभी स्रोतों से मासिक आय 22500 रुपए से कम होनी भी जरूरी है। इसी तरह राष्ट्रीय वयोश्री योजना में वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए आधार कार्ड तथा आय या पेंशन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना जरूरी है। आयु 60 वर्ष या इससे अधिक होनी चाहिए तथा सभी स्रोतों से मासिक आय 15 हजार रुपए से कम होनी चाहिए। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 9426305003 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
