
मनरेगा समाप्ति के खिलाफ आंदोलन का ऐलान
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) राजस्थान खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन की राज्य कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को हनुमानगढ़ में राज्य अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा स्वामी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा एक जुलाई से मांग आधारित मनरेगा योजना को समाप्त कर पूरे देश में वीबी जी राम जी योजना लागू करने के फैसले का तीखा विरोध किया गया। यूनियन ने फैसला लिया कि इस नीति के विरुद्ध पूरे राजस्थान में अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के बैनर तले सभी पंचायत समिति मुख्यालयों पर प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। बैठक में कहा गया कि मनरेगा की बहाली गरीब मजदूरों को काम देने, भूमिहीनों को आवास उपलब्ध कराने, सफाई के नाम पर ग्राम पंचायतों में फैले भ्रष्टाचार को रोकने और ग्राम पंचायत कार्यों के लिए जनता से वसूली की भाजपा सरकार की नीति के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा। यूनियन नेताओं ने सरकार की इन जन विरोधी नीतियों की कड़ी निंदा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार मजदूरों के हितों की अनदेखी करती रही तो संघर्ष और तेज किया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि 10 अगस्त को व्यापक स्तर पर जेल भरो आंदोलन चलाया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ता जानबूझकर गिरफ्तारियां देंगे और सरकार पर दबाव बनाएंगे। केंद्रीय कमेटी की ओर से डॉ. विक्रम सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि गरीब के लिए रोजगार बचाना है तो संघर्ष के मैदाने में उतरना होगा। उन्होंने सभी मजदूरों से एकजुट होकर अपनी लड़ाई लड़ने की अपील की। यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आवास और पंचायती राज व्यवस्था को लेकर व्यापक असंतोष व्याप्त है। खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के इस फैसले से राज्य स्तर पर मजदूर आंदोलन तेज होगा।यूनियन के कार्यकर्ता अब पूरे राजस्थान में सक्रिय रूप से प्रदर्शन की तैयारियों में जुट गए हैं।
