
प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण शिविरों और सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) राजस्थान ब्लाइंड एंड पैरा जूडो संघ के अध्यक्ष वेदप्रकाश लखोटिया के निर्देशानुसार रविवार को जयपुर में संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए आने वाली प्रतियोगिताओं, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण शिविरों तथा विभिन्न सुविधाओं को लेकर गहन चर्चा की गई और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।बैठक के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने दिव्यांग एवं दृष्टिबाधित जूडो खिलाड़ियों के प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार की। आगामी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों, प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन, खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं, कोचिंग व्यवस्था और अन्य जरूरी संसाधनों पर विस्तृत योजनाओं पर मंथन किया गया।बैठक में संघ के चेयरमैन डॉ. हिमांशु राजौरा, महासचिव मालचंद योगी, संयुक्त सचिव हरप्रीत सिंह तथा टेक्निकल सचिव अभ्यजीतसिंह उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने सकारात्मक सुझाव दिए और आने वाले वर्ष में राजस्थान के ब्लाइंड एवं पैरा जूडो को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया।संघ के अध्यक्ष वेदप्रकाश लखोटिया ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराना संघ की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को आगामी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। संघ जल्द ही विस्तृत कार्यक्रम जारी करने वाला है, जिसमें विभिन्न उम्र वर्ग के खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण शिविर और चयन ट्रायल्स शामिल होंगे।
