
सभी प्रतिभागी बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए किया पुरस्कृत
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) स्कूलों में गर्मियों के अवकाश का सदुपयोग करने तथा बच्चों की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से संचालित ग्रीष्मकालीन शिविर के समापन पर देव डांस फिटनेस स्टूडियो द्वारा ‘देव डांस शोकेस-2026’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डायरेक्टर देव लिम्बा ने बताया कि एसएसबी रोड स्थित एआरजी रिसॉर्ट में हुए इस कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर किशोर विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट नृत्य एवं योगा प्रस्तुतियों से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रोफेशनल स्टेज तथा उच्च स्तरीय साउंड सिस्टम के बीच आयोजित इस शोकेस में ग्रुप डांस, लोक नृत्य (फोक डांस), बॉलीवुड डांस तथा पेयर योगा जैसी आकर्षक एवं अनूठी प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं, जिन्हें कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा।

सर्वप्रथम समारोह के मुख्य अतिथि रेडियो मस्ती के वीर सिंह एवं विशिष्ट अतिथि टेकआर्टेल कंपनी के डायरेक्टर सौरभ दुहारिया द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन किया गया। अतिथियों ने बच्चों के शानदार प्रदर्शन की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे मंच बच्चों के भीतर छिपे आत्मविश्वास, कलात्मक प्रतिभा तथा समग्र व्यक्तित्व विकास में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस सफल और भव्य आयोजन के लिए देव डांस इंस्टीट्यूट की पूरी टीम की सराहना की।डायरेक्टर देव लिम्बा ने अतिथियों तथा अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य बच्चों को नृत्य व फिटनेस के माध्यम से आत्मविश्वास, कड़ा अनुशासन तथा बेहतर मंच प्रदान करना है,

जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल हो सके। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर अतिथियों, आगंतुकों व अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बिंदु वर्मा, सुनीता वर्मा, शाइना चेतल, करण चेतल, प्रियंका शर्मा, रमन मिड्ढा, मनीष सोनी एवं रोहित का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के समापन सत्र में सभी प्रतिभागी बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए आकर्षक पुरस्कार, गिफ्ट एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बालक-बालिकाएं, अभिभावक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

