
आरोपियों को सख्त सजा देने तथा अवैध होटलों को सीज करने की मांग को लेकर जिला व पुलिस प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) शहर के होटलों में 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ देह व्यापार, दुष्कर्म तथा मानव तस्करी जैसी अमानवीय घटना के विरोध में मंगलवार को संयुक्त व्यापार मंडल अध्यक्ष तरसेम गुप्ता के नेतृत्व में शिष्टमण्डल ने पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव एवं आरएएस अधिकारी स्वाति गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्यवाही करने तथा अनैतिक व अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्यवाही करके अंकुश लगाने की मांग की है।महासचिव अमित चुघ ‘रोमी’ ने बताया कि संयुक्त व्यापार मंडल पदाधिकारियों व सदस्यों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि इस शर्मनाक घटना ने पूरे श्रीगंगानगर की जनता को झकझोर कर रख दिया है। शहर की कानून-व्यवस्था तथा बेटियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसी स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। संयुक्त व्यापार मण्डल ने जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए तथा इस अमानवीय कृत्य में शामिल सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। इसके साथ-साथ आवासीय क्षेत्रों में बिना अनुमति और बिना पंजीकरण के अवैध रूप से संचालित हो रहे होटलों, गेस्ट हाउसों, पीजी (पेइंग गेस्ट) व कोचिंग सेंटरों की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच करने तथा संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों को तुरंत सीज करने की मांग की गई है। संयुक्त व्यापार मण्डल ने पीडि़त बालिका व उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जिले में महिलाओं व युवतियों के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण कायम रखने की मांग भी की है।इस अवसर पर संरक्षक श्रीकिशन मील व रमेश गर्ग, अध्यक्ष तरसेम गुप्ता, महासचिव अमित चुघ ‘रोमी’, कोषाध्यक्ष हरिम लुथरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राज सुखीजा ‘नीटा’, उपाध्यक्ष नरेन्द्र चौधरी, ऑडिटर संजय राजपाल, ललित शर्मा, अशोक कथुरिया, नरेन्द्र टैगोर, लोकेश मनचंदा, अमर आहुजा, देवेन्द्र पाल सिंह, जीतू नागपाल, प्रशांत बिनानी, शीतल बिड़ला, नवीन गणेशगढिय़ा, चंदूराम, राजीव बंसल, संदीप अनेजा सहित संयुक्त व्यापार मंडल तथा सम्बद्ध संस्थाओं के पदाधिकारी व सदस्य व्यापारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। पुलिस अधीक्षक ने सारी बात ध्यानपूर्वक संयुक्त व्यापार मण्डल के शिष्टमण्डल को कड़ी कार्यवाही का आश्वासन दिया।
