
काफी ऊंचाई से गिरे मजदूर की गर्दन टूटकर अलग हुई
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) जिले में राजियासर थाना क्षेत्र में सूरतगढ़ थर्मल पावर प्लांट में आज सुबह एक हादसा हो गया, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अर्जुन (24) निवासी चक झुर्रियांवाली थाना पीलीबंगा जिला हनुमानगढ़ के रूप में हुई है। इस मजदूर की मौत इतनी विभित्स हुई कि उसकी गर्दन टूटकर अलग हो गई। वह काफी ऊंचाई से नीचे आ गिरा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुन थर्मल पावर प्लांट की यूनिट नंबर 2 व 3 में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। वह आज सुबह इसी यूनिट में लगभग 15 फुट की ऊंचाई पर काम कर रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे आ गिरा। पुलिस के अनुसार वह मुंह के बाल नीचे पक्के फर्श पर आकर गिरा तो उसकी गर्दन टूटकर अलग हो गई। घटना की सूचना मिलने पर प्राइवेट कंपनी के अधिकारी और थर्मल के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

इस बीच सूचना पाकर पुलिस भी घटनास्थल पर आ गई। मौके की कार्यवाही के बाद लाश को सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल में लाया गया।इस हादसे का पता चलने पर कांग्रेस नेता और नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष परसराम भाटिया व किसान नेता राकेश बिश्नोई आदि अस्पताल में पहुंचे।उन्होंने अर्जुन जिस कंपनी में काम करता था, उसके अधिकारियों से मुआवजे तथा सहायता संबंधी बातचीत की। इस बीच पुलिस ने एक परिजन द्वारा रिपोर्ट दिए जाने पर मर्ग दर्ज करने की कार्यवाही शुरू कर दी। श्री भाटिया ने बताया कि अर्जुन के परिवार वालों को 20 से 25 लाख की मुआवजा तथा सहायता राशि दिलाने के प्रयास किये जा रहे हैं। उसे दुर्घटना बीमा राशि के अलावा कंपनी से भी मुआवजा राशि दिलाने की कोशिश की जा रही है। अर्जुन का परिवार काफी गरीब है वह अविवाहित था। पोस्टमार्टम के बाद उसकी डेड बॉडी परिवार वालों को दे दी गई।
——

