
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) पुरानी आबादी थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों, चोरियों और नशे के अवैध कारोबार के विरोध में आज जागरूक नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुरानी आबादी थाना प्रभारी से मुलाकात की। नागरिकों ने क्षेत्र की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर गहरा रोष प्रकट किया और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग को लेकर एक लिखित ज्ञापन सौंपा।पुरानी आबादी के वार्ड नंबर 13 के शक्तिनगर में हाल ही चंदन अनेजा के निवास में हुई चोरी की वारदात के बाद से स्थानीय निवासियों, महिलाओं और बच्चों में भारी डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि विगत कुछ समय से क्षेत्र में झपटमारी, गुंडागर्दी और नशे का अवैध व्यापार अप्रत्याशित रूप से बढ़ा है, जिससे आमजन का सड़कों पर निकलना दुश्वार हो गया है।ज्ञापन सौंपने गए प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से चंदन अनेजा, हेमराज गुरहानी, रमेश बंसल, पंडित योगेश मिश्रा, हरजीत सोनी,समीर भटेजा, विजय मेंहदीरत्ता, मनोज सलूजा,किशोर छाबड़ा, कार्तिक छाबड़ा, प्रथम गंभीर और आदि सहित वार्ड के अनेक प्रबुद्ध नागरिक और युवा शामिल रहे। पुलिस से मांग की गई है कि चंदन अनेजा के घर हुई चोरी की घटना की गहनता से जाँच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार चोरी गया माल बरामद किया जाए।पुरानी आबादी क्षेत्र के मुख्य मार्गों, चौराहों और संवेदनशील पॉइंट-जैसे रवि चौक, चांदनी चौक, प्रभु चौक पर देर शाम और देर रात तक पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाई जाए।क्षेत्र में सक्रिय नशे के अवैध कारोबारियों और सप्लायरों को चिन्हित कर तुरंत छापेमारी व सीलिंग की कार्रवाई की जाए।प्रमुख चौराहों पर लगे अभय कमांड सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग को और मजबूत किया जाए।
थाना प्रभारी ने नागरिकों की शिकायतों को पूरी गंभीरता से सुना और उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि क्षेत्र में पुलिस गश्त को तुरंत सुदृढ़ किया जाएगा और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
