
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) सदर थाना अंतर्गत चक 8-एलएनपी के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति ने कल शाम रेलगाड़ी से कटकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान गुरमेलसिंह निवासी बुधरवाली थाना लालगढ़ जाटान के रूप में हुई है। ट्रेन से कटकर गुरमेलसिंह का धड और सिर अलग-अलग हो गए। उसका घड रेल पटरियों के बीच मिला जबकि कटा हुआ सिर पटरी से दूर झाड़ियां के पास पड़ा था। मृतक के भाई जसकरणसिंह द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर कल देर रात को मर्ग दर्ज की गई। आज जिला अस्पताल के मुर्दाघर में पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाश उसके इकलौते पुत्र को दे दी गई। पोस्टमार्टम की कार्यवाही के दौरान गुरमेलसिंह के भाई चाहते थे कि लाश उनका अंतिम संस्कार के लिए सौंपी जाए, लेकिन पुलिस ने कानून और नियम का हवाला देते हुए जब लाश बेटे को ही सौंपने की बात कही तो उसके भाई वहां से चले गए। जानकारी के अनुसार गुरमेलसिंह के तीन भाई जसकरणसिंह, बलदेवसिंह तथा बलकरणसिंह हैं। यह तीनों भी इसी गांव में अलग रहते हैं। मृतक गुरमेलसिंह की पत्नी का एक- डेढ़ वर्ष पहले देहांत हो गया था।उसके एक ही बेटा है। जानकारी के मुताबिक वह पारिवारिक कलेश परेशान था। वह ज्यादातर गांव के गुरुद्वारा में ही रहता था। आज दोपहर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक अंतिम संस्कार के समय उसके भाई मौजूद नहीं रहे। बेटे ने ही अंतिम संस्कार किया।

