
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) जिले में पुलिस ने नशा तस्करों द्वारा सरकारी जमीन पर किए हुए कब्जों को हटाने की कार्यवाही आज दूसरे दिन भी जारी रखी। पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने बताया कि जिले के अनूपगढ़ थाना क्षेत्र में पाकिस्तान सीमा के निकट नजदीक चक 27-ए से चक 5-एमएसआर नई बिंजौर को जाने वाली रोड पर रंगासिंह उर्फ़ रणजीतसिंह निवासी नई बिंजौर द्वारा अतिक्रमण कर बनाए हुए पक्के निर्माण को आज ध्वस्त कर दिया गया।इस कार्यवाही के दौरान अनूपगढ़ के नायक तहसीलदार शैलेंद्रसिंह,प्रशासक सुभाष सहारण और ग्राम पंचायत चक 4-एमएसआर के ग्राम विकास अधिकारी आशीषकुमार मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पिछले वर्ष सूरतगढ़ सिटी पुलिस ने चनविंदरसिंह निवासी चक 4-एमएसआर को 291 ग्राम अवैध हैरोइन सहित गिरफ्तार किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसे हैरोइन की सप्लाई रंगासिंह ने की थी।उस का अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान अनूपगढ़ के डीएसपी जयप्रकाश बेनीवाल तथा थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर ईश्वरप्रसाद पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि इस तरह की कार्यवाही कल मंगलवार को ही श्रीगंगानगर में पुरानी आबादी और सूरतगढ़ सिटी थाना इलाकों में भी की गई थी।
