
श्रीगंगानगर के खिलाडिय़ों ने पंजाब में लहराया परचम
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) बी.आर. क्रिकेट क्लब श्रीगंगानगर ने मोड़ मंडी (पंजाब) में आयोजित मोड़ मंडी अण्डर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में बठिंडा को 75 रनों के बड़े अंतर से शिकस्त देकर खिताबी ट्रॉफी जीती है। फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए बी.आर. क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 25 ओवरों में 3 विकेट खोकर 162 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अंगद सुथार ने 87 रनों की शानदार मैच जिताऊ पारी खेली, जबकि मन्नू चौधरी ने 51 रन तथा हिमेश कुमार ने 12 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।जीत के लिए मिले 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बठिंडा की टीम बी.आर. क्रिकेट क्लब की सटीक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी तथा महज 87 रनों पर ऑलआउट हो गई। बी.आर. क्रिकेट क्लब के मुख्य गेंदबाज हिमेश कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए, जबकि तन्मय को 2 तथा जसनूर बुमरा को 1 विकेट मिला। फाइनल में 87 रनों की बेहतरीन पारी के लिए अंगद सुथार को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। पूरे टूर्नामेंट में शानदार ऑलराउंड खेल दिखाते हुए 4 मैचों में 150 रन बनाने तथा 12 विकेट लेने पर हिमेश कुमार को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ पुरस्कार से नवाजा गया। इसके अतिरिक्त तन्मय को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, मन्नू चौधरी को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक (फील्डर) तथा अंगद सुथार को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर घोषित किया गया।इस मौके पर राजस्थान के खिलाड़ी भैराराम ने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि अचीवर क्रिकेट एकेडमी द्वारा टाइनी टॉटस स्कूल में बी.आर. क्रिकेट क्लब का संचालन किया जाता है। अचीवर क्रिकेट एकेडमी का मूल उद्देश्य केवल टूर्नामेंट जीतना नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रोफेशनल क्रिकेटर तैयार करना है। उन्होंने कहा कि श्रीगंगानगर तथा हनुमानगढ़ क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन शुरुआती स्तर पर सही मार्गदर्शन, उच्च स्तरीय कोचिंग, नियमित क्लब क्रिकेट तथा प्रतिस्पर्धी मंच न मिल पाना यहाँ की मुख्य चुनौती रही है।भैराराम ने भारतीय टीम के खिलाड़ी मानव सुथार का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि इस क्षेत्र के युवाओं में असीम क्षमताएं हैं। यदि वर्षों पहले यहाँ एक सुदृढ़ क्रिकेट सिस्टम, नियमित क्लब प्रतियोगिताओं तथा आधुनिक कोचिंग की व्यवस्था होती, तो आज मानव सुथार के साथ-साथ इस क्षेत्र से दो-तीन अन्य खिलाड़ी भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे होते तथा कम से कम दस खिलाड़ी आईपीएल में अपनी पहचान बना चुके होते। उन्होंने कहा कि कि बी.आर. क्रिकेट क्लब तथा अचीवर क्रिकेट एकेडमी इसी ढांचागत कमी को दूर कर स्थानीय खिलाडिय़ों को आधुनिक प्रशिक्षण एवं बेहतर अवसर प्रदान कर रही है, ताकि आने वाले समय में श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ से अधिक से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पटल पर देश का नाम रोशन कर सकें। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
