
पंजाब के शातिर गिरोह के चार कुख्यात नकबजन गिरफ्तार अमित छाबा के घर से चोरी हुए थे 23 तोला सोने के जेवरात और दो लाख की नगदी
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) पदमपुर थाना क्षेत्र के गांव सांवतसर में लगभग साढे चार महीने पहले एक मकान में रात को हुई नकबजनी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने पंजाब के एक कुख्यात नकबजन के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह के चार नकबजन पकड़े गए हैं।इसमें शामिल अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। वहीं पकड़े गए अपराधियों की निशानदेही पर चोरी का माल बरामद करने के प्रयास किये जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने आज बताया कि पदमपुर थाना क्षेत्र के गांव सांवतसर में 17 -18 फरवरी की रात को अमित छाबा जाट (28) के घर में हुई नकबजनी की बड़ी वारदात करने के आरोप में चरल उर्फ दलेर उर्फ बूटानाथ उर्फ बाटी नाथ उर्फ राजा(60) निवासी वार्ड नंबर 2 मोहल्ला गोकलपुरा मुरादपुर डोगर मोहल्ला, शंभू उर्फ जावर जोगी (35) निवासी वार्ड नंबर 2 मुरादपुरा मोहल्ला थाना सिटी तरणतारन,कालीराम उर्फ बरंटू (52) निवासी गली नंबर 6 इंडेन गैस एजेंसी के सामने झुग्गी, रामा मंडी जालंधर और अजय उर्फ अक्षय (25) निवासी चंडीगढ़ मोहल्ला पुलिस थाना गोविंदवाल साहब फिरोजपुर पंजाब को गिरफ्तार किया गया है ! उल्लेखनीय है कि अमित छाबा ने 18 फरवरी को पदमपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि गत रात्रि उसका परिवार करीब 12 बजे सो गया था। इसके बाद सुबह 4 बजे के दौरान अज्ञात व्यक्ति दीवार कूद कर घर में प्रवेश कर गये। घर के एक कमरा,जिसमें अलमारी और संदूक रखे हुए थे,उसके लॉक को कटर द्वारा काटकर संदूक से करीब 22-23 तोला सोने के जेवरात और 2 लाख नगद चोरी कर ले गए। सुबह 5 बजे उठने पर घर में चोरी होने का पता चला। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस वारदात के अपराधियों का पता लगाने के लिए श्रीकरणपुर के डीएसपी पुष्पेंद्रसिंह के सुपरविजन में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व पदमपुर थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर श्रीमती सुमन जयपाल ने किया। टीम में शामिल एएसआई सुनीलकुमार हरजिंदरसिंह, हवलदार कालूराम, सिपाही गंगाराम,अमितकुमार, प्रमोद और नरेंद्र ने पिछले 4 महीनों के दौरान लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज,50 टोल नाकों पर लगे कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। टीम के सदस्य वारदात करने वालों का पता लगाने के लिए राजस्थान के अलावा पंजाब, हिमाचल और हरियाणा के विभिन्न शहरों में गए। तब जाकर सुराग मिले। सुराग लगाने और आरोपियों को पकड़ने में सिपाही गंगाराम तथा अमित की विशेष भूमिका रही।इसके बाद पकड़ में आए चार आरोपियों से कड़ी पूछताछ की गई तो खुलासा हुआ कि यह लोग गांव में कपड़े तथा बर्तन बेचने के बहाने फैरी लगते हैं। फैरी लगाते हुए घरों को चिन्हित करते हैं और फिर रात को नंगे पांव घरों में प्रवेश कर वारदात को अंजाम देते हैं। यह बदमाश झुग्गी बनाकर अलग-अलग जगह पर रहते हैं। वारदात करने के बाद झुग्गी उठाकर अन्यत्र चले जाते हैं। अमित छाबा के घर की रैकी भी इस गिरोह ने इसी प्रकार से की थी। वारदात में इस्तेमाल की गई एक गाड़ी को जब्त किया गया है। वहीं पुलिस अब अमित के घर से चोरी किए गए गहने तथा नगद राशि को बरामद करने के प्रयास कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दलेर और शंभू के खिलाफ पूर्व में 7-7, कालीराम के विरुद्ध पांच तथा अजय के खिलाफ 6 अपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।शंभू उर्फ जावर के विरुद्ध श्रीगंगानगर जिले के मुकलावा थाना में भी पांच स्थाई वारंट पेंडिंग पड़े हैं। पुलिस में बदमाशों से पूछताछ कर इस प्रकार की अन्य वारदातों के बारे में तथा उनके अन्य साथियों के बारे में पता लगाने का भी प्रयास कर रही है।
