
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस)रेलवे की पटरियों पर सैकड़ों ट्रेनों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने वाले अनुभवी एक लोको पायलट अपने घर की छोटी-सी बिजली समस्या को ठीक करते समय खुद बिजली की चपेट में आ गया। सूरतगढ़ में आज सुबह वार्ड नंबर 18 की सूर्योदयनगरी में अपने घर में इन्वर्टर की मरम्मत के दौरान अचानक तेज करंट लगने से 39 वर्षीय गुरविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।गुरविंदरसिंह भारतीय रेलवे में लोको पायलट के महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत था। आज सुबह इनवर्टर की मरम्मत करते समय उसे करंट का जबरदस्त झटका लगा।उसके परिवार क शोर सुनकर भाई बलविंदरसिंह, पिता सगनसिंह और पड़ोसी योगेश सोनी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्हें तत्काल सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल के मोर्चरी के बाहर परिजनों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों की भीड़ जुट गई। रेलवे कर्मचारियों में भी गहरा दुख छा गया है। सूरतगढ़ सिटी थाना के सब-इंस्पेक्टर माणकलाल ने बताया कि मृतक के भाई बलविंदरसिंह की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। आगे की जांच कर रही है।
