
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) अनूपगढ़ थाना क्षेत्र में जीवन की नई शुरुआत करते हुए नशे की भयानक लत ने एक युवा परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। मात्र पांच महीने पहले शादी के बंधन में बंधे 23 वर्षीय राजप्रीतसिंह की नशे का इंजेक्शन लगाते समय मौत हो गई। गर्भवती पत्नी रमनदीपकौर जब अपने पति की निर्जीव देह देखी तो सदमे में बिलख पड़ी। यह दर्दनाक घटना कल रात उपखंड के गांव 92 जीबी में हुई, जहां नशे की लत ने एक युवा जीवन को चुपके से समाप्त कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजप्रीतसिंह लंबे नशे का आदी था। परिजनों के अनुसार वह कल शाम घर से बाहर गया और वापस लौटने के बाद शौचालय की ओर चला गया। काफी देर तक बाहर न आने पर उसकी पत्नी रमनदीपकौर चिंतित होकर शौचालय में गई। उसने शौचालय में देखा तो राजप्रीत अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है।परिजनों ने तुरंत ग्रामीणों की मदद से उसे अनूपगढ़ के सरकारी जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने बताया कि जब युवक को अस्पताल लाया गया, तब उसकी मौत हो चुकी थी। राजप्रीत की शादी सिर्फ पांच महीने पहले हुई थी। उसकी पत्नी रमनदीप कौर गर्भवती है। उसकी अचानक मौत से पूरा परिवार सदमे में आ गया। अस्पताल में रमनदीपकौर ने पतिके शव को गले लगाकर रोना शुरू कर दिया। यह देखकर वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गईं।परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाने और कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। डॉक्टरों ने परिवार की सहमति से शव बिना पोस्टमार्टम के ही सौंप दिया। इस घटना ने पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ा दी।पिछले सप्ताह भी अनूपगढ़ के वार्ड नंबर 29 में एक अन्य युवक की नशे का इंजेक्शन लगाते समय मौत हो गई थी।
