
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या की घटना के बाद श्रीगंगानगर जिला प्रशासन और पुलिस ने आज सतर्कता बरतते हुए आज सेंट्रल जेल में अचानक संयुक्त तलाशी अभियान चलाया।पुलिस सूत्रों के अनुसार इस अभियान का मुख्य मकसद जेल में किसी भी कैदी के पास या छुपाकर रखे गए हथियार की जांच करना था। जेल स्टाफ के सहयोग से करीब तीन घंटे तक चले इस सर्च अभियान में जेल के सभी संवेदनशील हिस्सों की बारीकी से तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या हथियार बरामद नहीं हुआ।पिछले हफ्ते जेल के शौचालय के पास जमीन में दबाया हुआ लगभग 75 ग्राम जर्दा बरामद होने और उससे पहले तीन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा दीवार के ऊपर से जर्दे के पैकेट फेंके जाने की घटनाओं के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। आज के अभियान में भी कोई निषिद्ध सामग्री नहीं मिली, जिससे जेल प्रशासन को राहत मिली है।इस तलाशी अभियान का नेतृत्व उपखंड अधिकारी नयन गौतम, डीएसपी(शहर) विष्णु खत्री, कोतवाली प्रभारी पृथ्वीपालसिंह, जवाहरनगर थाना प्रभारी देवेंद्रसिंह राठौड़, पुरानी आबादी थाना प्रभारी रमेश न्यौल और सदर थाना प्रभारी सुभाषचंद्र ढील ने किया। इन अधिकारियों की देखरेख में गठित पुलिस टीमों ने जेल के अलग-अलग ब्लॉकों और हिस्सों में तलाशी अभियान चलाया।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जेलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अजमेर जेल की घटना के बाद पूरे राजस्थान में जेल सुरक्षा को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है।
