
जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, पाक पीएम शाहबाज का पुतला फूंका, मोदी के नाम सौंपा ज्ञापन
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) पाकिस्तान के फर्रुखाबाद में स्थित 125 वर्ष पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा को ध्वस्त किए जाने की घटना के विरोध में श्रीगंगानगर के सिख समाज ने आज जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला कलेक्ट्रेट के समीप महाराजा गंगासिंह चौक पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ का पुतला फूंका और पाकिस्तान सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
गुरुद्वारा सिंह सभा प्रबंध समिति के तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शन में काफी संख्या में सिख समाज के लोग शामिल हुए। दोपहर में महाराजा गंगासिंह चौक पर एकत्र होकर प्रदर्शनकारियों ने अपनी नाराजगी जताई और पाकिस्तान सरकार पर अल्पसंख्यक सिख समुदाय के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा में पूरी तरह विफल होने का आरोप लगाया। पुतला जलाने के बाद प्रदर्शनकारी जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने कलेक्टर कार्यालय के सामने पाकिस्तान सरकार के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान सिख समाज के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि पाकिस्तान के फर्रुखाबाद में गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के ध्वस्त किए जाने की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही गुरुद्वारे को उसके मूल स्वरूप और गरिमा के अनुरूप पुनर्निर्माण कराया जाए।ज्ञापन में आगे कहा गया कि पाकिस्तान में स्थित सभी सिख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। सिख समुदाय सहित सभी धार्मिक अल्पसंख्यकों को जीवन, धार्मिक स्वतंत्रता, सम्मान और संवैधानिक अधिकार प्रदान किए जाएं। आवश्यकता पड़ने पर इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी उठाया जाए ताकि धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।प्रदर्शन में गुरुद्वारा सिंह सभा प्रबंध समिति के अध्यक्ष जितेंद्रपालसिंह कोचर, बार संघ के पूर्व अध्यक्ष दलबारासिंह बराड़, गुरविंदरसिंह, राजपालसिंह, बुड्डा जोहड़, सिख धर्म प्रचार कमेटी के राजविंदरसिंह, दशमेश तरना दल के जत्थेदार हरपाल सिंह, गुरुसाहबसिंह हैप्पी चक 11 जी, गुरुद्वारा चक 3-बी के प्रधान अवतारसिंह, कुलविंदरसिंह ग्रेवाल सहित सिख समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
