
तीन फायर टेंडर से दमकल कर्मियों को आग बुझाने में लगे 3 घंटे
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) श्रीगंगानगर- श्रीकरणपुर भारतमाला रोड पर चक 12-जैड के नजदीक ओवरब्रिज के नीचे आज बड़े तड़के पराली से ट्रैक्टर ट्रॉलर में भीषण आग लग गई जिस पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को तीन फायर टेंडर के साथ 3 घंटे लगे। इस अग्निकांड में लाखों रुपए का नुकसान हो गया।गनीमत रही की आग लगते ही चालक ने ट्रैक्टर को ट्रालर से अलग कर दिय। ट्रालर में लगभग 160 क्विंटल पराली लदी हुई थी। इसे चला रहे गग्गू नामक युवक ने बताया कि वह पंजाब के फाजिल्का जिला अंतर्गत सरवर खुइया कस्बे के नजदीक दानेवाला गांव का निवासी है। वह अपने गांव के ही जगदीश नामक व्यक्ति के ट्रैक्टर ट्रॉलर में 160 की किंवटल पराली लादकर कल रात को बीकानेर जिले के छतरगढ़ शहर के लिए रवाना हुआ था। आज तड़के लगभग 3 बजे जब वह श्रीगंगानगर- श्रीकरनपुर भारतमाला रोड पर चक 12-जैड़ के नजदीक ओवरब्रिज के नीचे पहुंचा, तब उसे ट्रालर में आग लगने का पता चला। ट्रालर के एक टायर का बेरिंग टूट गया और उसके घर्षण से टायर गर्म हो गया। इससे टायर में आग लग गई। उसे तब पता चला जब आग ट्रालर में लदी पराली तक फैल गई। गग्गू ने बताया कि वह अकेले ही ट्रैक्टर ट्रॉलर लेकर जा रहा था। उसने खुद ही पहले आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आसपास कहीं भी पानी नहीं मिला। गग्गू ने बताया कि पास में ही एक छोटी नहर (कस्सी) थी लेकिन उसमें पानी नहीं था। उस समय इस हाइवे पर कोई ज्यादा आवाजाही भी नहीं थी। अकेला होने के कारण वह कुछ नहीं कर पाया। उसने किसी तरह फोन द्वारा अपने जानकारों को सूचना दी। इसके बाद आग लगने की सूचना श्रीगंगानगर में दमकल सेवा तक पहुंची। दमकल सेवा के अनुसार एक के बाद एक तीन फायर टेंडर घटना स्थल के लिए भेजे गए। अनेक दमकल कर्मियों तथा अन्य लोगों की मदद से आग पर आज सुबह लगभग 6 बजे का काबू पाया जा सका। आग लगते ही गग्गू ने ट्रैक्टर को ट्रालर से अलग कर लिया था, जिससे ट्रैक्टर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा परंतु ट्रालर और प्राली को काफी नुकसान पहुंचा है। पराली पूरी तरह से जल गई जबकि ट्रालर के दोनों टायर जल गए। उसकी बॉडी को भी नुकसान पहुंचा है। इस अग्निकांड में लाखों रुपए का नुकसान हो गया।
