
हरफनमौला प्रदर्शन से प्रीत कपूर मैन ऑफ दी मैच बने तथा सेमीफाइनल की राह हुई रोचक
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) बीआर क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में खालसा क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित महाराजा गंगा सिंह इंटर अकेडमी क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 के चौथे लीग मुकाबले में पृथ्वीराज चौहान टाइटन्स टीम ने महाराणा प्रताप वॉरियर्स को रोमांचक मैच में पराजित कर विजयश्री हासिल की। टूर्नामेंट संयोजक व राजस्थान खिलाड़ी भैरा राम ने बताया कि इस जीत के साथ ही टूर्नामेंट अब बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है, जहां प्रतियोगिता में शामिल चारों टीमें एक-एक मुकाबला जीतकर बराबरी पर आ गई हैं। परिणामस्वरूप, अब शेष बचे दोनों लीग मुकाबले सेमीफाइनल की तरह निर्णायक हो गए हैं, जिसमें आगामी दो दिनों में होने वाले मैचों की विजेता टीमें सीधे फाइनल में प्रवेश करेंगी।

उन्होंने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मैच में महाराणा प्रताप वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया तथा निर्धारित 60 ओवरों में 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। वॉरियर्स की ओर से हिमांशु जांगिड़ ने सर्वाधिक 67 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि इकनूर सिंह ने 53 रन और आनंद सोनी ने 36 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। पृथ्वीराज चौहान टाइटन्स के गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में सधी हुई गेंदबाजी की, जिसमें प्रीत कपूर ने घातक प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट चटकाए। उनके अलावा ऋषभ नायक, सहज, तन्मय और लक्की भाटी ने भी 1-1 विकेट लेकर विपक्षी टीम पर अंकुश लगाने का प्रयास किया। जवाब में, 253 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी पृथ्वीराज चौहान टाइटन्स की टीम ने उत्कृष्ट बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए शानदार जीत हासिल की। टाइटन्स की ओर से मन्नू चौधरी ने सूझबूझ भरी बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 85 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। इसके अलावा लेविन ने 52 रन, तरुण ने 31 रन तथा प्रीत कपूर ने 28 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम ने लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया। गेंद से 4 विकेट लेने तथा बल्ले से 28 रनों का महत्वपूर्ण योगदान देने तथा शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए प्रीत कपूर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।टूर्नामेंट संयोजक व राजस्थान खिलाड़ी भैरा राम ने बताया कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य श्रीगंगानगर के उभरते क्रिकेट खिलाडिय़ों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान करना तथा क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है। दर्शकों ने हूटिंग करके खिलाडिय़ों का उत्साहवद्र्धन किया। इस अवसर पर खेल प्रेमी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

