
निकटवर्ती अनूपगढ़ जिले के जैतसर इलाके के गांव चार जेएसडी में गुरुवार दोपहर खेत में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे करीब चार बीघा में फसल जल गई। आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के किसान ट्रैक्टर ले लाए। फसल में आग पर ट्रैक्टर के पीछे खेत समतल करने के यंत्र चलाकर इस पर काबू पाया गया। हादसे में पूरे चार बीघा में फसल जल गई। किसानों के प्रयासों से आग को आसपास के खेतों में बढ़ने से रोक दिया गया।हादसा किसान भोमाराम के खेत में हुआ। दोपहर में खेत में अचानक आग लग गई। आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिली तो वे इसे बुझाने में जुट गए। करीब एक घंटे तक मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। भोमाराम के पास चार बीघा ही भूमि है । इसमें उसने गेहूं बोया था। गेहूं की फसल पक कर तैयार थी। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली के तार भिड़ने से इस पर चिंगारी गिरी और इसने आग का रूप ले लिया।
पांच बीघा में गेहूं के डंठल जले
वहीं जैतसर में इंद्रजीत रंधावा के खेत में करीब पांच बीघा में आग लगने से गेहूं की डंठल जल गए। इन डंठलों से पशुओं के लिए तूड़ी तैयार की जानी थी। इन डंठलों में भी गुरुवार दोपहर आग लग गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है।
